पानीपत। राजकीय विद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों की सेट की परीक्षाएं आयोजित करवाई जाएंगी। इसके लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने जिला शिक्षा विभाग को आदेश दिए हैं। जिला शिक्षा विभाग ने भी एसएटी यानी विद्यार्थी मूल्यांकन परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं इस बार शिक्षकों को सेट और अर्धवार्षिक परीक्षा की डेटशीट पर अभिभावकों के हस्ताक्षर करवाने होंगे, ताकि सभी विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो सकें। सेट की परीक्षाएं एक अगस्त से शुरू होंगी जिसकी डेटशीट भी जारी कर दी गई है।
गौरतलब है कि पहली कक्षा से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की सेट व अर्ध वार्षिक परीक्षा जुलाई, अगस्त, सितंबर, नवंबर व जनवरी माह में आयोजित की जाती हैं। इन परीक्षाओं को सही से आयोजित करवाने के लिए शिक्षा निदेशालय ने गाइडलाइन भी जारी की है। गाइडलाइन के अनुसार पहली कक्षा से 8वीं कक्षा के विद्यार्थियों की सेट व अर्धवार्षिक परीक्षाओं की प्रश्न-उत्तर पुस्तिकाओं को सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध करवाया जाएगा। गाइडलाइन के अनुसार कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थी सेट और अर्धवार्षिक परीक्षाओं की प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिका एससीईआरटी के प्रवक्ताओं की विशेष टीम द्वारा बनाए जाने हैं। शिक्षा निदेशालय के आदेशानुसार कक्षा पहली से 8वीं एवं कक्षा 9 से 12 के प्रश्न-उत्तर पुस्तिकाओं को छपवाने के लिए प्रति जिला शिक्षा विभाग को 5 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है।
- डेटशीट के आधार पर मिलेगी प्रश्नपत्रों की डीवीडी
विद्यार्थी मूल्यांकन परीक्षा को लेकर विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से डेटशीट जारी की जा चुकी है। परीक्षाएं एक अगस्त से शुरू होगी। निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर डेटशीट की तय तिथि के अनुसार एससीईआरटी गुरूग्राम से प्रश्न-पत्रों की डीवीडी प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि सेट की परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों की डीवीडी एससीईआरटी द्वारा उपलब्ध करवाई जानी है।
- पौधे लगाने पर मिलेंगे 2 अंक
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 10वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट बेस लर्निंग के तहत दो नंबर पौधे लगाने व उनकी देखभाल करने के दिए जाएंगे। इसके लिए एचबीएसीई ने सभी विद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र भेज आदेश जारी कर दिए हैं। गौरतलब है कि एचबीएसई द्वारा 10वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को इंटरनल असेस्टमेंट के कुल 20 अंक दिए जाते हैं। इनमें 10 अंक एसएटी यानी सेशनल असेसमेंट टेस्ट के निर्धारित किए गए हैं। हाजिरी के पांच अंक हैं और पांच अंक प्रोजेक्ट बेस लर्निंग के निर्धारित किए गए हैं। इनमें से दो अंक विद्यार्थियों को पेड़ लगाने एवं उनकी देखभाल करने के लिए प्रदान किए जाने हैं। इसमें उल्लेखनीय यह है कि सभी विषयों के लिए पेड़ लगाने एवं देखभाल करने के अंक नहीं दिए जाएंगे।
- विषयवार व माध्यम वार होगी विद्यार्थियों की सूची तैैयार
निदेशालय ने परीक्षाएं शुरू होने से पहले शिक्षा विभाग ब्लॉक वाइज सभी स्कूलों के विद्यार्थियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सूची में कक्षावार, विषयवार और माध्यम वार छात्र संख्या की जानकारी सटीक होनी चाहिए। इस जानकारी का मिलान एमआईएस पोर्टल पर भी अपडेट होना जरूरी है। इसके साथ ही शिक्षा विभाग सभी राजकीय विद्यालयों में विषयवार कक्षावार और माध्यमवार विद्यार्थियों की डाटा सुनिश्चित करेगा। क्योंकि इसी डाटा के अनुसार प्रश्नपत्र व पुस्तिकाओं की छपाई की जाएगी।
- अभिभावकों को भी करना होगा सूचित
शिक्षा निदेशालय के अनुसार शिक्षकों को सैट व अर्ध वार्षिक परीक्षाओं की डेटशीट के बारे में विद्यार्थियों के अभिभावकों को सूचित करना होगा। छोटे विद्यार्थियों को डेटशीट लिखित में देनी है, उन पर अभिभावकों के हस्ताक्षर करवाने हैं। सभी मूल्यांकन परीक्षाओं का आयोजन गंभीरता, गरिमा और समय सारणी के अनुसार किया जाना है।
वर्जन-
- विद्यार्थी मूल्यांकन परीक्षाएं एक अगस्त से शुरू होंगी जिसकी डेटशीट जारी कर दी गई है। डेटशीट के अनुसार प्रश्नपत्रों की डीवीडी एससीईआरटी गुरूग्राम में उपलब्ध होगी।
- कुलदीप दहिया, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।