संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। राजनगर के सागर जागलान ने एशियन चेंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर पानीपत का नाम रोशन किया है। किर्गिजस्तान के बिस्केक शहर में आयोजित इस प्रतियोगिता में चार बाउट हुए। पहले बाउट में सागर ने किर्गिजस्तान के पहलवान को 4-3 से मात दी। दूसरी बाउट में तुर्कमेनिस्तान और तीसरी बाउट में मंगोलिया के खिलाड़ियों को 11-0 से चित किया। चौथे मुकाबले में किर्गिजस्तान के पहलवान को 8-0 से हराया।
पिता मुकेश जागलान ने बेटे की जीत पर खुशी जताई और कहा कि बेटे की मेहनत का फल उसका स्वर्ण पदक है। सागर की जीत से मां सरिता और बड़े भाई दीपक ने पड़ोसियों का लड्डू से मुंह मीठा कराया। दादा रणधीर सिंह जागलान, दादी कमला देवी और नरेश ने भी खुशी जताई। सागर जूनियर वर्ग का पहलवान होने के बावजूद 74 किलोग्राम भार वर्ग में सीनियर वर्ग में देश का पांच टाॅप पहलवानों में शामिल है। सागर जागलान के पिता मुकेश ने बताया कि वह अपने खेल को लेकर काफी ज्यादा गंभीर रहता है,वह अपनी हार से कभी भी निराश होने की बजाए उससे सीखता है और मेडल प्राप्त करता है।
10 की उम्र से खेल रहा सागर, आज तक नहीं लौटा खाली हाथ
पहलवान सागर ने 10 साल की उम्र में ही खेलना शुरू कर दिया था। उसे अंदाजा भी नहीं था कि वह इस मुकाम तक पहुंच पाएगा। सागर अभी तक किसी भी स्टेट चैंपियनशिप में बिना स्वर्ण पदक के नहीं लौटा है। सागर सात साल से खरखौदा की अश्वनी कुश्ती एकेडमी में अभ्यास कर रहा है।
अजय....