पानीपत। ठग ने कुटानी गांव के युवक के खाते से 2.21 लाख रुपये निकाल लिए। ठग ने युवक के पास हंगामा एप का कर्मचारी बनकर कॉल की थी। युवक हंगामा एप को कैंसल कराना चाहता था। ठग ने जो निर्देश युवक को दिए, युवक वह करता रहा। ठग ने बैंक खाते की जानकारी जुटाकर वारदात को अंजाम दिया। अब युवक की शिकायत पर साइबर अपराध थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव कुटानी निवासी रॉकी ने बताया कि उनके अपने मोबाइल में हंगामा एप इंस्टॉल किया था। वह इसके लिए हर माह 99 रुपये भी भरता था। अब वह इस एप को कैंसल कराना चाहता था। इसलिए उसने गूगल से एक नंबर सर्च किया था। पांच अगस्त को उसके पास एक कॉल आई। कॉलकर्ता ने उसे कहा कि वह हंगामा एप से बात कर रहा है। वह उसको मोबाइल पर निर्देश देते रहा। जैसा उसने बोला वह करता रहा। उसके पास ओटीपी आया उसने वह उसे बता दिया। कुछ देर बाद उसके खाते से 2.21 लाख रुपये कट गए। उसकी पुलिस से मांग है कि ठगों पर कार्रवाई की जाए।