पानीपत। सेक्टर 13-17 थाना क्षेत्र में बुधवार रात आधे घंटे के अंदर बदमाशों ने लूटपाट की दो वारदात को अंजाम दिया। दशहरा देखकर वापस लौट रहे प्रवासी युवकों से बदमाशों ने बेल्ट से मारपीट की। उनकी जेब से तीन मोबाइल फोन और 3400 नकदी लूट लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूटपाट के दो अलग अलग मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
यूपी के जिला महोबा निवासी रविकर्ण राठौर ने बताया कि वह पानीपत की सूर्या कॉलोनी में रहकर दिहाड़ी-मजदूरी करता है। पांच अक्तूबर की रात नौ बजे वह बरसत मोड़ जीटी रोड पर लोहे के पुल के ऊपर से हरिनगर की ओर जा रहा था। पुल के ऊपर चार युवक बीच में खड़े थे। जिनमें से एक युवक ने पीछे से उसका हाथ पकड़ लिया और दूसरे लड़के ने जेब से उसका मोबाइल फोन और 800 रुपये नकदी से भरा पर्स निकालकर फरार हो गए।
जिला लखीमपुर निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि वह हाल में वह पानीपत के नूरवाला में रहता है। पांच अक्तूबर को वह अपने दोस्त अंकित, अमर व अमन निवासी नूरवाला के साथ सेक्टर 13-17 के दशहरा ग्राउंड में मेला देखने गया था।रात करीब साढ़े दस बजे जब वे वापस नूरवाला की तरफ जा रहे थे, तो पॉवर हाउस के पास बाइक सवार तीन युवक वहां आए। बाइक सवारों ने उन्हें रोका। उन्होंने चाकू दिखाकर उन पर बैल्टों से हमला कर दिया। बेल्टों से पीटने के बाद उनके फोन छीन लिया। आरोपियों ने अमन से 1200 रुपये और अमर से 1400 रुपये लूट लिए।