पानीपत। सेना के रिटायर्ड कैप्टन से उसके बेटे को ऑस्ट्रेलिया उच्च शिक्षा दिलाने के नाम पर ठगों ने 17.15 लाख रुपये की ठगी कर ली। तीनों आरोपी बार बार उन्हें जल्द वीजा लगने के नाम पर झांसे देते रहे। डेढ़ साल से अधिक समय तक जब आरोपियों ने पैसे वापस नहीं किए और न ही वीजा लगवाया तो रिटायर्ड कैप्टन ने इसकी शिकायत थाना शहर पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
सींक गांव निवासी सेना के रिटायर्ड कैप्टन सुभाष चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पानीपत की बिशन स्वरूप कॉलोनी में किराए पर रहता है। वह बेटे अमित कुमार को उच्च शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया भेजना चाहता है। इसलिए उसने बिशन स्वरूप कॉलोनी में खुले ऑस्ट्रेलियन एक्सपर्ट इन फोरन लैंग्वेज स्टडी प्रा. लि. में संपर्क किया। वह अपने बेटे अमित के कागजात लेकर उनके पास गया। यहां उसे गीत भौमिक, संदीप व अनिल कुमार मिला। आरोपियों ने उनसे कहा कि व अमित का दाखिला ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी में करवा देंगे। इसके लिए आरोपियों ने उनसे अलग अलग किस्तों में 17.15 लाख रुपये लिए। डेढ़ साल से अधिक समय तक आराेपी उन्हें वीजा का झूठा आश्वासन देते रहे। उन्होंने न तो अमित को ऑस्ट्रेलिया भेजा और नहीं पैसे वापस किए और अब पैसे मांगने पर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दी है।