पानीपत। मॉडल टाउन में राजकीय कन्या स्कूल में बेटी को लेने गए व्यक्ति पर साली समेत अन्य लोगों ने डंडों से हमला कर दिया। पिता ने उन पर मारपीट और लूटपाट के आरोप में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस जांच में लूटपाट के आरोप सच साबित न होने पर पुलिस ने मारपीट व जान से मारने की धमकी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कच्चा कैंप निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह अपनी बेटी को लेने के लिए मॉडल टाउन स्थित राजकीय कन्या स्कूल में गया था। यहां उसके साथ सुंदर सिंह, सोनिया, वीर, मोहित, प्रिया व अन्य महिलाओं ने मारपीट की। वे फोन और पर्स छीनकर ले गए, जिसमें नकदी भी थी। उन्होंने सामान्य अस्पताल में अपना इलाज कराने के बाद मॉडल टाउन थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
जांच में लूटपाट के आरोप साबित नहीं-
मॉडल टाउन थाना प्रभारी महिपाल ने बताया कि एसआई कन्हैया ने मामले की जांच की। 10 अगस्त को नरेश कुमार की साली सोनिया, हाल पत्नी सुंदर निवासी सतकरतार कॉलोनी ने भी नरेश के खिलाफ शिकायत दी थी। जिसमें सामने आया कि दोनों परिवारों का रुपयों का लेन-देन है। दोनों परिवारों ने पहले भी एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दे रखी हैं। जांच में सामने आया कि सोनिया व अन्य नरेश के साथ मारपीट की है और जान से मारने की धमकी दी। इसमें लूटपाट की मंशा नहीं थी।