पानीपत। श्री दिगंबर जैन समाज ने जैन धर्म के आठवें तीर्थंकर चंद्रप्रभ जिनेंद्र भगवान के मोक्ष कल्याण और मॉडल टाउन जैन मंदिर की 20वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में रविवार को रथयात्रा निकाली। मॉडल टाउन की परिक्रमा कर श्रीप्रभुजी की प्रतिमा को रथयात्रा के समापन पर मंदिर में विराजमान किया गया। इसके बाद श्री जैन मंदिर में जिनेंद्र भगवान के अभिषेक और पूजन के बाद पात्रों का चयन किया गया। भगवान की मूर्ति को रथ में लेकर चलने का अवसर विनय जैन, विभोर जैन को मिला। भगवान श्री के रथ के सारथी बनने का अवसर सुनील जैन, मयंक जैन को मिला। जैन समाज के सभी क्षेत्रों मॉडल टाउन, हुड्डा जैन, मौहल्ला दुंदीवालान, अग्रवाल मंडी व अंसल के भक्तों ने रथ यात्रा में शामिल होकर नृत्य भक्ति करते हुए इसे यादगार बनाया। झांकियों ने सबका मन मोह लिया। रथ यात्रा मे प्रधान कुलदीप जैन, उपप्रधान सुरेश जैन, सचिव मनोज जैन, प्रबंधक मुकेश जैन, कोषाध्यक्ष सुशील जैन, मनीष जैन, प्रदीप जैन, कपिल जैन व रजनीश जैन शामिल रहे।