बिजली दुकानदार से 20 हजार का सामान खरीदकर भागे
नूरवाला के दुकानदार से हुई ठगी, स्कैनर स्कैन कर बोले- पेमेंट कर दी, चेक कर लो
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। नूरवाला के एक दुकानदार के साथ तीन लोगों ने 20 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने सामान खरीदने के बाद स्कैनर को स्कैन किया और पेमेंट चेक करने की बात कही। इतना कहकर वे अपना सामान लेकर चले गए। छह दिन बाद भी पेमेंट न आने पर दुकानदार की शिकायत पर सेक्टर 13-17 थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
नूरवाला निवासी बलवान ने बताया कि उसकी नूरवाला में बाला जी के नाम से पेंटर एंड सेनेटरी की दुकान है। चार अप्रैल को दोपहर बाद साढ़े तीन बजे तीन युवक दुकान पर सामान खरीदने आए। उन्होंने 19,800 रुपये का बिजली का सामान खरीदा। तीन में से एक युवक गाड़ी में बैठा रहा। दूसरा युवक फोन से स्कैन कर पेमेंट करने लगा। कुछ ही सेकेंड में कहा कि भुगतान हो गया। उससे दुकान का कार्ड मांगा और लेकर चले गए। उसने समझा कि पेमेंट कई बार देर से आता है, इसलिए रुक गया होगा। लेकिन, अब तक उसे पैसे नहीं मिले। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में आरोपियों की पूरी गतिविधियां कैद हैं।