पानीपत। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) का शनिवार को ट्रैक्टर मार्च जिले की इसराना व मतलौडा तहसील तक ही सीमित रहा। इसराना में करीब 40 और मतलौडा में करीब 20 ट्रैक्टर शामिल रहे। किसान जिला मुख्यालय, समालखा, बापौली व सनौली तहसील में ट्रैक्टर मार्च नहीं निकाल पाए। यूनियन की दो दिन की कॉल पर किसानों के एकजुट नहीं हो पाना और किसान नेताओं की फूट बड़ा कारण है। हालांकि प्रशासन और पुलिस सभी तहसीलों में अलर्ट रही।
पुलिस ने ट्रैक्टर मार्च को देखते हुए शनिवार सुबह ही शहर में आने वाले भारी वाहनों को जीटी रोड से दूसरे मार्गों पर डायवर्ट कर दिया था। पहले भाकियू के अनाज मंडी से जिला सचिवालय तक ट्रैक्टर मार्च निकालने की तैयारी थी, लेकिन किसान यहां तक नहीं पहुंच पाए। भाकियू के कार्यकारी प्रधान राम सिंह कुंडू ने भी पूरे जिले में तहसील स्तर पर ट्रैक्टर मार्च न निकाल पाने की बात स्वीकारी है। उन्होंने किसानों को एकजुट कर मांगों को लेकर संघर्ष तेज करने का दावा किया है।
किसान को भाकियू की रविवार को कुरुक्षेत्र में होने वाली बैठक में फैसलों के इंतजार में हैं। इधर पुलिस डेढ़ दर्जन किसान नेताओं को शनिवार को भी उनके घरों में लगातार नजरबंद रखा। पानीपत और सोनीपत पुलिस हलदाना बॉर्डर पर संयुक्त नाके पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रदेश के किसानों के दिल्ली की तरफ न जाने पर पुलिस ने राहत कुछ सांस ली है।
बॉक्स
किसानों ने इसराना में ट्रैक्टर मार्च निकाला सरकार के खिलाफ जताया रोष
इसराना। भाकियू के बैनर तले किसानों ने शनिवार को इसराना बाजार में ट्रैक्टर मार्च निकाला। ट्रैक्टर मार्च इसराना थाना से शुरू किया। यह बाजार से होते हुए मांडी रोड स्थित तहसील पर पहुंचा। यहां से काफिला नेशनल हाईवे की सर्विस लेन से होते हुए वापस थाने के पास पहुंचा। किसान नेता हरिंदर राणा व प्रदीप जागलान ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है। एमएसपी गारंटी कानून बनाए जाने की मांग को लेकर किसान आंदोलनरत हैं। सरकार ने दिल्ली जा रहे किसानों को शंभू बॉर्डर पर रोके रखा है। किसानों पर दमनकारी नीति अपनाई जा रही है। किसान न तो रुकेंगे व न ही झुकेंगे। इस मौके पर अजमेर कुहाड़, रामसिंह कुंडू, सतनारायण कुंडू, संदीप डोगर, आजाद बैरागी, राजू गढ़ी भल्लौर, रामबीर, नदीम, साहिल व दीपक मौजूद रहे।
बॉक्स
ट्रैक्टर मार्च निकालकर जताया रोष
मतलौडा। किसानों ने शनिवार को मतलौडा में ट्रैक्टर मार्च निकाल सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया। भारतीय किसान यूनियन के ब्लाक प्रधान उजाला बैनीवाल के नेतृत्व में ट्रैक्टर मार्च निकाला। यह कवी गांव से शुरू किया और फिर अनाज मंडी से होते हुए भालसी गांव, बस अड्डा और फिर बाजार से होते हुए अनाज मंडी में यात्रा का समापन किया गया । इस अवसर पर सतनारायण बांगड़, राजबीर, नरसी राम व सोमदत्त मौजूद रहे।