पानीपत। पानीपत रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से रेलवे के इलेक्ट्रीशियन की मौत हो गई। मृतक ओएचई में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत था। मंगलवार अल सुबह काम करने के लिए एक प्लेटफाॅर्म से दूसरे प्लेटफाॅर्म पर जाते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना जीआरपी को मिलने के बाद वह मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया।
जीआरपी के हैड कांस्टेबल परमिंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दिल्ली से अंबाला जाने वाली रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची तो मृतक की पहचान ब्राह्मण माजरा निवासी मोहित पुत्र के रूप में हुई। पुलिस ने मंगलवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।
ब्राह्मण माजरा गांव निवासी नवीन ने बताया कि उसका चचेरा भाई मोहित रेलवे में बतौर इलेक्ट्रीशियन कार्यरत था। सोमवार की रात दस बजे से सुबह छह बजे तक डयूटी पर था। रात करीब 12 बजे उसके पास एक लाइन में फॉल्ट की सूचना आई थी, जिससे ठीक करने के लिए एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए रेलवे लाइन क्रॉस करते समय दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मोहित की छह साल पहले शादी हुई थी, वह दो वर्षीय बेटी का पिता था। और रेलवे में करीब सात साल से कार्यरत था। उसकी एक भाई व एक बहन है और तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था। इस हादसे परिवार को गहरा सदमा लगा है।