माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जिले में आयोजन भव्य बनाने की तैयारी तेज हो गई है। विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के लोग सार्वजनिक स्थान आयोजन करेंगे। इसके साथ घरों में भी दिवाली की तरह कार्यक्रम किए जाएंगे। दिवाली की तरह घरों को दीयों से सजाने के साथ विशेष पकवान भी बनाए जाएंगे। संगठनों ने इस दिन भंडारा लगाने का भी फैसला लिया है।
शहर समेत गांवों में सोमवार को घर-घर अक्षत पहुंचाए गए। ढोल की छाप पर रामभक्त झूमते हुए पहुंचे। स्वयं सेवक संघ व हिंदू विश्व परिषद के सदस्यों ने संपर्क अभियान के तहत वेद मंदिर के सहयोग से न्यू मुखीजा काॅलोनी के हर घर में पूजित अक्षत सहित निमंत्रण पत्र व मर्यादापुरुषोत्तम भगवान रामचंद्र का चित्र भेंट किया। केशव उपनगर के अध्यक्ष विजय प्रकाश मिश्रा ने प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर सबको सम्मलित होने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि 22 जनवरी के दिन लगभग 70 देशों के प्रतिनिधि सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होंगे। लोगों को अयोध्या जाने की बजाय अपने घरों व कॉलोनियों में आयोजन कर लोगों को जोड़ना है। घर व नजदीक के मंदिर में पांच-पांच दीप जला दिवाली जैसा त्योहार मनाना है। इस अवसर पर अरविंद सिंह, रेनिका सिंह, उर्मिला बजाज, सुमन जिंदल, ममता राठी व हीना अरोड़ा आदि मौजूद रहे।