पानीपत। आर्य पीजी कॉलेज में बुधवार को प्रतिभा खोज कार्यक्रम महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। हिंदी फिल्मी गानों से लेकर हरियाणवी और पंजाबी संस्कृति की छटा बिखेरी। इस मौके पर गीत बोल तेरे मीठे-मीठे, चाल शराबी, नैन नशीले... की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कॉलेज के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के प्रभारी डॉ. रामनिवास ने बताया कि अक्तूबर के तीसरे सप्ताह में करनाल जोन के जोनल यूथ फेस्टिवल का आयोजन पं. चिरंजी लाल राजकीय महाविद्यालय में किया जाएगा। जिसमें आर्य कॉलेज के विद्यार्थी भाग लेंगे। इसके लिए डेढ़ माह से तैयारी चल रही है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आरएसएस प्रांत प्रचार प्रमुख राजेश गोयल और आर्य कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान सुरेंद्र शिंगला रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि अपने आप को मंच पर लाने के लिए आत्मविश्वास की आवश्यकता होती है। बस जरूरत है अपने अंदर के छिपे आत्मविश्वास को जगाने की। विशिष्ट अतिथियों में विरेंद्र सिंगला, कोषाध्यक्ष पीयूष आर्य, निखिल सिंगला और कॉलेज प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में डॉ. नीलू खालसा, प्रो. विवेक गुप्ता, डॉ. रजनी शर्मा, प्राध्यापिका पारुल और विकेंदर ने शामिल रहे। मंच संचालन डॉ. सोनिया सोनी और प्राध्यापिका गरिमा ने किया।
प्रतिभा खोज कार्यक्रम के परिणाम
नृत्य : सरगम और अंशिका ने प्रथम, स्नेहा और प्रिया ने द्वितीय, इशिता और साहिल ने तृतीय स्थान हासिल किया। लोकेश और अभय ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
म्यूजिक वोकल : विनय और अरमान ने प्रथम, धनवाणी और खुशबू ने द्वितीय तथा दीपक और सुशील ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रश्नोत्तरी : दिव्या, अमल और पूजा ने प्रथम, दिव्यांशी, सिया अग्रवाल व नैंसी सैनी ने द्वितीय और अनिकेत, अंकित कपूर व कोमल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण : दिव्या ने प्रथम, अरुणिमा ने द्वितीय और दीपांशी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कविता पाठ : तमन्ना ने प्रथम, विजेता ने द्वितीय और किरण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पेंटिंग : तनवी व छात्रा चांद ने संयुक्त रूप से प्रथम, सुजाता व अमरप्रीत ने संयुक्त रूप से द्वितीय और छात्र नरप्रीत व अंशिमान ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।