पानीपत। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने बुधवार को पानीपत रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) का दौरा किया। उन्होंने रिफाइनरी के नियंत्रण कक्ष-11, ओएचसीयू व एवीयू यूनिटों को देखा और रिफाइनरी के हरित और स्वच्छ राष्ट्र के निर्माण की दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पीआरपीसी का प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक विकास में योगदान देने का आह्वान भी किया।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के बुधवार को पानीपत रिफाइनरी पहुंचने पर रिफाइनरी की निदेशक शुक्ला मिस्त्री, उपायुक्त वीरेंद्र कुमार दहिया व पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के साथ कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख एमएल डहरिया, कार्यकारी निदेशक (एनआरपीएल) एसके कनौजिया व ईडी (परियोजना) जॉयदीप चौधरी ने उनका स्वागत किया। सीआईएसएफ के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। डीपीएस पानीपत रिफाइनरी के विद्यार्थियों ने बैंड पर राष्ट्रगान की धुन बजाई। राज्यपाल ने कार्यक्रम को कार्बन न्यूट्रल बनाने के लिए एक पौधा लगाया और विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी को ज्यादा रोजगार सृजन करना चाहिए। महिलाओं को 20 से 30 प्रतिशत रोजगार मुहैया कराना चाहिए। इससे प्रदेश और देश मजबूत होगा।
रिफाइनरी की निदेशक शुक्ला मिस्त्री ने पीआरपीसी की विशेषताओं और आगामी परियोजनाओं के बारे में बताया। डीजीएम (टीएस) मानव गेडाम ने इंडियन ऑयल और पीआरपीसी पर विस्तृत तकनीकी प्रस्तुति दी। उन्होंने रिफाइनरी के नियंत्रण कक्ष-11, ओएचसीयू व एवीयू यूनिटों का दौरा किया और निर्बाध संचालन करने वाली उन्नत प्रौद्योगिकी और निगरानी प्रणालियों को समझा। राज्यपाल ने कर्मचारियों को पेट्रोलियम और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र के विकास में योगदान जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया और उन्हें सरकार के सहयोग का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि पीआरपीसी के आसपास और पानीपत जिले में आठ लाख से अधिक पौधे लगाए हैं।
पानीपत जिले को दो सीबी नॉट मशीन, सभी जिलों के लिए 22 हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन और आसपास के 14 गांवों की आम जनता को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार प्रदान करने के लिए डॉक्टर, नर्स और दवाओं के साथ मोबाइल मेडिकल यूनिट शुरू की है।