पानीपत। हरिसिंह चौक पर मीट की दुकानों के विरोध में सोमवार को वार्डवासी सड़क पर उतर आए। विजय नगर, हरिसिंह चौक, बिल्लू कॉलोनी, भोला चौक के लोगों ने जमकर हंगामा किया और निगम अधिकारियों की अनदेखी पर रोष जताया। इसकी सूचना मिलते ही सेनेटरी इंस्पेक्टर रिंकू मौके पर पहुंच गए। उन्होंने चार दुकान संचालकों को नोटिस देने की बात कहकर लोगों को टालने का प्रयास किया। लोगों के अपनी मांगों पर अड़े रहने के चलते दुकान बंद करने के आदेश दिए। उन्होंने दुकान सील करने की भी चेतावनी दी।
कॉलोनीवासी धर्मपाल सैनी, रामनिवास शर्मा, रमेश कादियान, पंकज गर्ग, बसंती, नीलम, सुनीता, रजनी, अनुपमा व कविता ने बताया कि देवी मंदिर रोड पर मीट की दुकानें खुलने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। देवी मंदिर में पूजा करने जाते और वापिस लौटते समय गंदी और बदबू से होकर गुजरना पड़ता है। मुंह पर कपड़ा ढंकना मजबूरी बन जाती है। यहां अक्सर असामाजिक तत्व हंगामा और गाली-गलौज करते हैं। नगर निगम अधिकारियों को गत दिनों ज्ञापन सौंपा था, लेकिन निगम ने लोगों की मांगों को अनदेखा कर दिया। उनको मजबूर होकर सड़क परउतरना पड़ा। सेनेटरी इंस्पेक्टर रिंकू ने मौके पहुंचे और मीट की एक दुकान खुलवा कर जरूरी मानकों की जांच भी की। अपने सामने दुकानों के होर्डिंग और पोस्टर हटवाए।
विजय नगर के ईश्वर रोड़ ने बताया कि अभिषेक के अंतिम संस्कार वाले दिन बुधवार को भी मीट संचालकों ने दुकानें खोल रखी थी। धारा 144 लागू होने के बावजूद यहां दुकानों पर धड़ल्ले से मीट बेचा जा रहा था। तहसील कैंप थाना प्रभारी को शिकायत दी तो उन्होंने राइडर भेज दुकानें बंद कराई।
विजय नगर के जितेंद्र ने बताया कि पहले भी कई बार दुकानदारों को यहां से दुकानें हटाने के लिए कह चुके हैं। दुकानदार नगर निगम और प्रशासन से सेटिंग होने की बात कहते हैं। सोमवार को हुई कार्रवाई के बाद भी एक दुकानदार 10 दिन के भीतर दोबारा दुकान खोलने की चुनौती देकर गया है।
घटनास्थल पर पहुंचे वार्ड पांच पार्षद अनिल बजाज ने बताया कि लोगों के इकट्ठे होने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गया। कॉलोनीवासियों को परेशानी हुई, तो इन दुकानों को बंद करा दिया। अगर दुकान संचालक अब भी नहीं माने तो निगम अधिकारियों को अवगत करा दुकानें सील कराएंगे।
लोगों ने शुक्रवार को शिकायत दी थी। उसी के आधार पर सोमवार को कार्रवाई की गई। दुकान संचालकों को पहले भी नोटिस दे चुके हैं। उनको दुकानें बंद करने के आदेश और अवमानना करने पर दुकान सील करने की चेतावनी दे दी है।
- रिंकू, सेनेटरी इंस्पेक्टर नगर निगम पानीपत