पानीपत। चांदनी बाग थाना पुलिस ने एंजल मॉल में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का भड़ाफोड़ किया है। पुलिस ने यहां दबिश देकर दो महिलाओं व तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना चांदनी बाग में अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने इन्हें बेल पर छोड़ दिया है।
डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि चांदनी बाग पुलिस थाना प्रभारी राकेश कुमार ने एसपी लोकेंद्र सिंह को एक मॉल में स्पा सेंटर में चल रहे देह व्यापार के बारे में बताया था। एसपी ने उनके नेतृत्व में एक टीम का गठन किया था। टीम में स्पेशल डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर रेखा, थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश व अन्य कई महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
टीम ने मौके पर पहुंचकर मुख्य सिपाही मनोज व मुख्य सिपाही विरेंद्र को बोगस ग्राहक बनाकर भेजा। दोनों को 500-500 के दो नोट पर हस्ताक्षर कर देकर मुख्य सिपाही मनोज को स्पा सेंटर पर व मुख्य सिपाही विरेंद्र को उक्त सेंटर पर भेजा। दोनों जगह काउंटर पर बैठी महिला इनसे पैसे लेकर इन्हें कमरे में ले जाने लगी। इसी वक्त इन्होंने उसे इशारा कर दिया। इशारा मिलते ही टीम ने दबिश देकर स्पा सेंटर के कमरों को जांचा। सेंटर के कमरों में दो युवक व दो युवतियां संदिग्ध हालत में मिली। तीसरे कमरे में एक महिला अकेली मिली। इसी प्रकार उक्त सेंटर में कमरे से एक युवक व युवती को संदिग्ध हालत में मिलीं। उक्त सेंटर के काउंटर पर बैठी दोनों आरोपी महिलाओं से हस्ताक्षर युक्त 500-500 के दोनों नोट बरामद किए गए। सेंटर की आड़ में अनैतिक देह व्यापार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।