पसीना खुर्द में जमीनी विवाद के चलते एक भाई ने अपने दो बेटों संग मिलकर दूसरे के साथ मारपीट की, उसे चाकू से गोदकर घायल कर दिया। स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गए। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सोनू पुत्र प्रेम चंद गांव पसीना खुर्द ने बताया कि उसका भाई मदन से घर की जमीन के बंटवारे का विवाद चल रहा है। उन्होंने बताया कि चार मई को सुबह सात बजे वह अपने घर पर था। इसी समय भाई मदन, उसके लड़के सौरव और गौरव आए, जिनके हाथ में लाठी-डंडे थे। भाई ने आते ही अपशब्द कहने शुरू कर दिए। जिसका पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे पीछे से पकड़ लिया और उसके बेटों ने लाठी डंडों से वार किए। इसके बाद गौरव ने अपनी जेब से चाकू निकाला और पीड़ित के बाएं कूल्हे पर वार किए। पीड़ित ने बचाव के लिए आवाज लगाई तो पड़ोसी घर में आ गए। जिनको देख आरोपी मौके से फरार हो गए। जिसके बाद परिजनों ने पीड़ित को आयुष्मान अस्पताल में भर्ती कराया। जहां वह उपचाराधीन है।