बापौली। 15वीं एशिया वॉलीबॉल प्रतियोगिता खेलकर थाईलैंड से लौटी नव ज्योति मॉडल स्कूल महिला वॉलीबॉल खेल नर्सरी की खिलाड़ी प्रेरणा रावल का स्कूल में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। प्रेरणा रावल को मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ स्कूल लाया गया। इस दौरान गोयला खेडा गांव के सरपंच प्रतिनिधि प्रवीन खेड़ा,विनोद रावल व विकास गुर्जर बापौली ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रेरणा रावल का मुख्यातिथि और स्कूल चैयरमेन राजेश शर्मा, वॉलीबॉल एसोसिएशन महासचिव कंवलजीत मलिक व अन्य के साथ फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया।
राजेश शर्मा ने बताया कि नव ज्योति महिला वॉलीबॉल खेल नर्सरी की खिलाडी व गोयला खेड़ा गांव निवासी प्रेरणा रावल पुत्री विकास रावल ने थाईलैंड के नाखोन पथोम में 16-23 जून तक आयोजित 15वीं एशियाई वॉलीबॉल चैंपियनशिप अंडर-18 आयु वर्ग में भाग लिया था। उन्होंने नव ज्योति खेल नर्सरी का ही नहीं बल्कि क्षेत्र का भी नाम रोशन किया है। स्कूल की खेल नर्सरी में सैकड़ों लड़कियां दिन रात अभ्यास कर रही हैं। कुछ लड़कियां हॉस्टल में रहकर सुबह चार बजे ही खेल का अभ्यास करने लग जाती है। जिसकी बदौलत आज उनके स्कूल की छात्राएं अंतरराष्ट्रीय स्तर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है। प्रेरणा ने इससे पूर्व 27 मई से 13 जून तक बैंगलुरू साई में अभ्यास किया था,जबकि 30 अप्रैल को उनके स्कूल की खेल नर्सरी की तन्नु राठी,मोनिका,खुशी व प्रेरणा का एशिया चैंपियनशिप कैंप के लिए चयन हुआ था। उक्त चारों खिलाड़ियों में से अंडर-20 आयु वर्ग तन्नु राठी बेंगलुरू साई में अभ्यास कर रही है।