संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। बीबीएमबी की ओर से इंद्रधनुष सभागार पंचकूला में होने वाली राज्य स्तरीय ऊर्जा संरक्षण प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़ौली के ललित कला प्राध्यापक प्रदीप मलिक का बतौर निर्णायक चयन हुआ है।
पेंटिंग प्रतियोगिता में प्राध्यापक प्रदीप मलिक का बतौर ज्यूरी सदस्य चयन होने पर जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, डाइट प्राचार्य बिजेंद्र नरवाल, बीईओ पानीपत बिजेंद्र हुड्डा, बीआरसी पानीपत विक्रम सहरावत और प्राचार्या आरती सलूजा ने बधाई दी।
बता दें कि भाखड़ा ब्यास बांध प्रबंधन बोर्ड की ओर से हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और चंडीगढ़ में स्कूली बच्चों की ऊर्जा संरक्षण विषय पर प्रतियोगिता का स्कूल स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक आयोजन करता है। बच्चों की ओर से आमजन के लिए पेंटिंग के माध्यम से ऊर्जा बचाने का संदेश दिया जाता है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़ौली के ललित कला प्राध्यापक और राज्य शिक्षक पुरस्कार से पुरस्कृत प्रदीप मलिक विभिन्न जिला स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिताओं के साथ-साथ राज्य स्तर पर निर्णायक की भूमिका अदा कर चुके हैं। प्रदीप मलिक का कहना है कि भाखड़ा ब्यास बांध प्रबंधन बोर्ड की ओर से जो जिम्मेदारी मिली है। उसे पूरी निष्ठा से निष्पक्ष भाव से निभाया जाएगा।