गांधी जयंती पर श्रद्धाजंलि देते नन्हे बच्चे। संवाद
समालखा। गांधी स्मारक निधि पंजाब, हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश, पट्टीकल्याणा की ओर से गांधी की एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गांव भोडवाल माजरी में प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी में आश्रम के कार्यकर्ता, साधक-साधिकाएं, गांधी स्मारक निधि पब्लिक स्कूल, आश्रम पट्टीकल्याणा के विद्यार्थियों एवं स्टाफ के साथ-साथ भोडवाल माजरी गांव के लोगों ने भी सहभागिता की। प्रभात फेरी गांव की गलियों से होती हुई मंदिर के पास संपन्न हुई। प्रसाद वितरण के बाद सभी वापस गांधी स्मारक निधि आश्रम पट्टीकल्याणा आए और प्रभात फेरी प्रार्थना सभा में परिवर्तित हो गई। संस्था की न्यासी हेमलता रावत ने बताया कि आज के दिन दो महान विभूतियों का जन्म हुआ था। संस्था सचिव आनंद कुमार शरण ने बताया कि ईमानदारी और प्रतिबद्धता का परिचय उन महापुरुषों के जीवन से हमें मिलता है। महात्मा गांधी के जीवन के भी कुछ रोचक प्रसंग सुनाकर सभी को प्रेरित किया। कार्यक्रम समापन पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर अजय कुमार, डाॅ. संदीप जैन, रुपाली जैन, गिरिराज, सोनू, सुनीता शर्मा, सोनिया, सईदा, बुनियाद अली, राजेंद्र, अजीत, प्रसन्न कुमार, योगेंद्र प्रसाद, संजय पटेल व राजेश उपस्थित रहे। संवाद