पानीपत। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय सेवा विभाग द्वारा पुरस्कार देने के लिए पोर्टल दोबारा खोला गया है। इसमें वर्ष 2024-25 में वरिष्ठ नागरिकों का कल्याण, सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत, सर्वश्रेष्ठ गैर सरकारी संगठन को पुरस्कार दिया जाएगा। यह तीन फरवरी तक खोला गया है। इस दौरान संबंधित व्यक्ति, संस्थाएं अपना आवेदन कर सकती हैं। यह जानकारी उपायुक्त डाॅ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने दी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 10 श्रेणियों सेंटेनेरियन, सर्वोत्तम माता, साहस व बहादुरी पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार, वरिष्ठ पेंटर, वरिष्ठ मूर्तिकार, वरिष्ठ संगीतज्ञ/गायक, नृत्यक, वरिष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार दिया जाएगा। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये, द्वितीय के लिए 30 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार के लिए 20 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। सर्वश्रेष्ठ पंचायत, सर्वश्रेष्ठ गैर सरकारी संगठन, सर्वश्रेष्ठ ओल्ड ऐज होम व डे केयर सेंटर पुरस्कार की श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के लिए 75 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के लिए 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।