पानीपत। प्रदेश सहित जिले के कॉलेजों में यूजी व पीजी कोर्स के सभी वर्षों के लिए फिजिकल काउंसलिंग के तहत दाखिले के लिए उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से एक बार फिर तीन दिन के लिए पोर्टल खोल दिया गया है। कॉलेजों और छात्रों से प्राप्त विभिन्न अनुरोध और निदेशालय ने प्रवेश पोर्टल खोलने का निर्णय लिया है। किन्हीं कारणों से किसी भी संस्थान में दाखिले से वंचित विद्यार्थी यूजी या पीजी में 23 अक्तूबर तक दाखिला ले सकेंगे। दाखिला प्रक्रिया के दो दिन शेष हैं। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से यूजी व पीजी कोर्स में दाखिले पोर्टल खोलने से वंचित विद्यार्थियों को दाखिले का मौका मिला है। यह दाखिला विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर ओपन काउंसलिंग के तहत किए जाने हैं।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी कॉलेजों के प्राचार्यों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव ड्यूटी में कॉलेजों के कर्मचारियों और परिसर की व्यस्तता के कारण कॉलेजों और छात्रों से प्राप्त विभिन्न अनुरोधों व सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को ध्यान में रखते हुए प्रवेश पोर्टल खोलने के लिए निर्देश दिया गया है।
इससे पहले विशेष मौके के तहत यूजी की दाखिला प्रक्रिया 13 सितंबर ओर पीजी की दाखिला प्रक्रिया 12 सितंबर को संपन्न हो चुकी है। करीब अढ़ाई माह तक चली दाखिला प्रक्रिया के दौरान युवाओं में दाखिले के लिए काफी रुझान रहा। इसके बावजूद कई कॉलेजों में सीटें रिक्त हैं। शहर के प्रमुख काॅलेजों में यूजी कोर्स में करीब 86 प्रतिशत सीटों पर दाखिले हुए जबकि 14 फीसदी सीट अभी भी रिक्त हैं।
यूजी में पहले दिन 67 पंजीकरण, 12 दाखिले
निदेशालय द्वारा पोर्टल खुलने के पहले दिन प्रदेश में 67 युवाओं ने यूजी में दाखिले के लिए पंजीकरण करवाया जबकि 12 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के 345 महाविद्यालयों में 88 पाठ्यक्रमों में अब तक 186274 युवाओं ने पंजीकरण करवाया है जबकि 132562 आवेदक दाखिला ले चुके हैं। इनमें 76558 छात्राओं ने दाखिला लिया है।
पीजी में 62 ने कराया पंजीकरण, 12 दाखिले
यूजी की तरह पीजी में भी दाखिले के लिए पोर्टल खुलने के पहले दिन प्रदेश में 62 युवाओं ने पंजीकरण करवाया जबकि 12 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 209 महाविद्यालयों में 64 पाठ्यक्रमों में अब तक 39363 युवाओं ने पंजीकरण करवाया है जबकि 22608 आवेदक दाखिला ले चुके हैं। कुल हुए दाखिलों में 18524 लड़कियों ने दाखिला लिया है।
वर्जन-
यूजी व पीजी कोर्सेज में कुछ सीटें रिक्त रहने पर उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने दाखिले का एक ओर मौका देते हुए तीन दिन के लिए दाखिला पोर्टल खोला है। दोनों कक्षाओं में 23 अक्तूबर तक आवेदन करने के साथ फिजिकल काउंसलिंग के तहत दाखिला लिया जा सकता है।
- डॉ. जगदीश गुप्ता, प्राचार्य, आर्य पीजी महाविद्यालय, पानीपत।