पानीपत। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मंगलवार को कुराड़ क्षेत्र में 10 फैक्टि्रयों की जांच की। यहां दिन के समय किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली। बोर्ड की टीम अब रात और तड़के इनकी जांच करेगी। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव प्रदीप डागर ने यमुना एक्शन प्लान के लिए सोमवार को पानीपत में बैठक ली थी। उन्होंने जिला सचिवालय में यमुना एक्शन प्लान और आगामी छठ पूजा की तैयारियों पर चर्चा की थी। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट की सतत निगरानी करने के आदेश दिए थे। इसके साथ ड्रेन नंबर-1 और 2 में दूषित पानी डालने वाली फैक्टरी और टैंकर चालकों पर कार्रवाई के आदेश दिए थे। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को कुराड़ क्षेत्र में ड्रेन नंबर-एक और दो के आसपास की फैक्टरी में जांच की। यहां प्रदूषण फैलाने के कारणों को जाना। टीम को पहले दिन सब सामान्य मिला। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि टीम अब लगातार जांच करेगी। संवाद