इसराना। जिला पुलिस की विशेष टीम ने शनिवार को शाहपुर गांव में डोर टू डोर जाकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। पुलिस टीम ने इस दौरान लोगों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। टीम ने बताया कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। लोगों को बताया की नशे की लत धीरे-धीरे व्यक्ति को अपने जाल में फंसा लेती है, जिससे उसका मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बुरी तरह प्रभावित होता है। इसके साथ ही आर्थिक स्थिति भी कमजोर हो जाती है, जिससे परिवार को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नशे के कारण अपराध में वृद्धि होती है। अभियान के जिला नोडल अधिकारी डीएसपी नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता पर विशेष काम किया जा रहा है। नशा तस्करी से संबंधित कोई भी सूचना टोल फ्री नंबर 1933 या अपने नजदीकी पुलिस थाना में दी जा सकती है।