जीटी रोड फ्लाई ओवर पर बल्ले-बल्ले ढाबे के सामने कट पर खड़ी पुलिस वैन को पीछे आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वैन जीटी के दूसरी तरफ पहुंच गई। हादसे में तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। जिन्हें ईलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार समालखा में अवैध निर्माण की जिला योजनाकार विभाग की कारवाई में शामिल होने के लिए पुलिस वैन से कर्मचारी समालखा थाना आ रहे थे। बल्ले-बल्ले के सामने फ्लाई ओवर पर कट पार करने के दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने वैन को टक्कर मार दी जिससे वैन जीटी रोड पर दूसरी तरफ पहुंच गई। एमटीओ रामकुमार ने बताया कि वैन में करीब 17-18 कर्मी थे। जिसमें एसआई रविदत्त, एचसी सुनील व वैन चालक एचसी जसबीर घायल हो गए। उन्हें ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।