इसराना। डाहर गांव में पुलिस टीम को बंधक बनाकर उनके साथ गाली गलौज की गई और पुलिस के कर्मचारियों को पीटा गया। पुलिस टीम गांव डाहर में रविवार को एक धोखाधड़ी के केस में नामजद आरोपी रामचंद्र निवासी डाहर गांव को पकड़ने के लिए गई थी। पुलिस के अनुसार पुलिस को आरोपी व्यक्ति की पत्नी व बहनों ने रोका और भांजे ने मेन गेट का बाहर से ताला लगाकर बंधक बना लिया। पुलिस टीम के साथ गाली गलौज व हाथापाई की गई और एसआई धर्मवीर सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई।
इसराना थाना पुलिस ने एसआई कप्तान सिंह की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था। इसराना थाना के एसआई धर्मवीर सिंह के अनुसार गांव डाहर निवासी रामचंद्र को एक धोखाधड़ी के मामले में पकड़ने के लिए पुलिस टीम उसके घर गांव डाहर में गई थी। वहां पर आरोपी की दो बहनों, पत्नी व भांजे ने रामचंद्र को गिरफ्तार करने से रोक दिया। उन्होंने पुलिस टीम के साथ गाली गलौज और मेन गेट का ताला लगाकर पुलिस टीम को बंधक बना लिया व जान से मारने की धमकी दी गई। जिससे पुलिस टीम उस समय आरोपी रामचंद्र को गिरफ्तार नहीं कर पाई। इसराना पुलिस ने आरोपी रामचंद्र, उसकी पत्नी, दो बहनों व भांजे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
इस बारे में इसराना थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पांच में से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनको न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पांचवें आरोपी कर्ण को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा