सनौली। लोकसभा चुनाव को लेकर हरियाणा और यूपी के यमुना पुल बॉर्डर पर सनौली खुर्द थाना पुलिस द्वारा स्पेशल चेकिंग के लिए विशेष तौर पर नाकाबंदी की गई है। पुलिस द्वारा यूपी की तरफ आने जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है।
सनौली खुर्द थाना पुलिस की यमुना बॉर्डर पर नाके पर तैनात टीम को पानीपत से यूपी की तरफ जा रही एक कार से पौने दो किलो चांदी बरामद की है। पुलिस ने कार से चांदी को बरामद करके आयकर विभाग की टीम को सौंप दिया है। अब आयकर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। इस बारे में बॉर्डर पुलिस नाका पर तैनात एसआई कृष्ण ने बताया कि चुनाव के चलते यमुना बॉर्डर पर पुलिस के अलावा एक्साइज विभाग की टीम भी विशेष तौर पर चौकसी बरत रही है। वहीं सनौली खुर्द थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि लोकसभा चुनाव तक हरियाणा-यूपी बॉर्डर पर पुलिस की नाकाबंदी जारी रहेगी और आने-जाने वाले सभी वाहनों को जांच के बाद ही जाने दिया जाएगा।