बापौली। गांव गोयला खुर्द के पास यमुना में अवैध रूप से खनन कर रही दो ट्रैक्टर-ट्राली को बापौली पुलिस ने जब्त किया है, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गए।
एसएचओ थाना बापौली प्रह्लाद सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि यमुना में अवैध रूप से रेत का खनन किया जा रहा है। उन्होंने टीम का गठन कर मौके पर रेड की। इस कार्रवाई में पुलिस को देख मौके से ट्रैक्टर के चालक फरार हो गए। इसकी सूचना खनन विभाग के अधिकारियों को दी गई है। अब विभागीय अधिकारी मौके पर आकर चालान करेंगे। उन्होंने कहा कि यमुना में रेत की तस्करी किसी भी सूरत में सहन नहीं की जाएगी। सनौली अड्डे पर मिट्टी और रेत के ओवरलोड डंपरों की वजह से उड़ने वाली धूल से स्थानीय लोग परेशान हैं। मिट्टी और रेत से भरे डंपरों के कारण मेन हरिद्वार रोड पर हर रोज जाम लगा रहता है। इससे राहगीरों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।