समालखा। सर्विस रोड के किनारे बने कामर्शियल और रिहायशी भवनों की निकासी एनएचएआई का ट्रंच बनने के साथ ही ठप हो जाएगी। इससे यहां हालात बदतर हो जाएंगे। अभी तो जुगाड़ कर बिजली केबल के लिए बनाई गई ट्रंच और रोड पर पानी डाला जा रहा है। सर्विस रोड पर कई स्थान ऐसे बने हुए हैं, जहां से ट्रंच में पानी जा रहा है। इसे लेकर अभी स्थानीय नगर पालिका प्रशासन कोई सुध लेता दिखाई नहीं दे रहा है। इससे भविष्य में समस्या और बढ़ सकती है। उल्लेखनीय है कि जीटी रोड के चौड़ीकरण के साथ ही शहर में सर्विस रोड का निर्माण एनएचएआई करवा रहा है।
करीब चार साल से यह काम कछुआ गति से भी सुस्त रफ्तार से चल रहा है। एनएचएआई के ठेकेदार द्वारा सर्विस रोड के दोनों तरफ कॉमर्शियल व रिहायशी भवनों के साथ नाले और ट्रंच का निर्माण कर दिया गया है। नाले में जहां रोड के गंदे पानी की निकासी होगी, वहीं ट्रंच में बिजली केबल बिछाई जाएगी। यह ट्रंच भवनों के बिल्कुल साथ बनाई गई हैं। ट्रंच बनने से भवनों की निकासी ठप हो गई है। अभी ट्रंच में केबल नहीं बिछाए जाने के कारण दुकानों, ढाबों-होटल, अन्य कॉमर्शियल भवनों सहित साथ लगे भवनों का गंदा पानी भवन मालिकों द्वारा ट्रंच को कई जगह तोड़कर उसमें डाला जा रहा है। नई अनाज मंडी के गेट दो के आगे चलते ही फैक्ट्रियां शुरू हो जाती हैं। साथ ही अन्य कॉमर्शियल निर्माण भी हैं। उन्होंने रोड पर ही पाइप डाल दिए हैं और ये अपने यहां का गंदा पानी सर्विस रोड पर निकाल देते हैं। इसके लिए ये दिन के बजाय शाम होने का इंतजार करते हैं। इससे हर समय रोड पर गंदा पानी भरा रहता है।