समालखा। राक्सेड़ा गांंव में अपने पिता के साथ पैदल चल रहे छठी के छात्र को एक तेज रफ्तार पिकअप ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक फरार हो गया। हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पिता की शिकायत पर आरोपी पिकअप चालक पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में राक्सेड़ा गांव निवासी किसान राजेश कुमार ने बताया कि वह तीन बच्चों का पिता है। बड़ा बेटा उदय (11) कक्षा छह का छात्र था। बुधवार शाम पांच बजे बेटे उदय के साथ वह राक्सेड़ा से सिंबलगढ़ गांव की ओर पैदल जा रहा था। पीछे से एक तेज रफ्तार पिकअप ने उदय को कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कुछ दूर आगे जाकर रुका, लेकिन मौके पर जुटी लोगों की भीड़ देखने के बाद आरोपी मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया। घायल अवस्था में उसे समालखा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।