पानीपत। मॉडल टाउन थानाक्षेत्र में सब्जी खरीदकर घर लौट रहे एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक चालक उन्हें सामने से टक्कर मारकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां से करनाल के कल्पना चावला अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटे ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मॉडल टाउन थाने की पुलिस को शिकायत दी है।
आठ मरला कॉलोनी निवासी भरत सिंह ने बताया कि 19 जुलाई को वह अपने पिता रमेश चंद्र के साथ काली माता मंदिर के पास पैदल सब्जी लेने गया था। रात साढ़े नौ बजे सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे। उसके पिता आगे चल रहे थे, वह उनके पीछे था। इसी बीच सामने से एक तेज रफ्तार बाइक चालक आया और पिता को टक्कर मार दी। आरोपी बाइक चालक बाइक समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोग इकट्ठा हुए। उनकी मदद से वह पिता को सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां से पिता को करनाल के कल्पना चावला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मॉडल टाउन थाने की पुलिस ने बेटे की शिकायत पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।