तीन से पांच जुलाई तक करेंगे घेराव, कई साल से नौ सेक्टरों के 20 हजार लोग गंदगी, साफ सफाई व सीवरेज की समस्या से जूझ रहे
- मंगलवार को हुई सेक्टर 13-17 में बैठक
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। शहर के सेक्टरों के लोग पिछले कई साल से अपनी मूलभूत सुविधाओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। समस्याओं का समाधान न होने से नाराज पानीपत के नौ सेक्टरों के लोगों की मंगलवार को सेक्टर 13- 17 की मार्केट में हरियाणा स्टेट हुडा सेक्टर्स काॅन्फिडेशन के बैनर तले बैठक हुई। बैठक में सेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधानों ने फैसला किया कि वह अपनी समस्याओं को लेकर तीन से पांच जुलाई तक एचएसवीपी कार्यालय का घेराव करेंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए काॅन्फिडेशन के संयोजक बलजीत सिंह ने बताया कि पिछले डेढ़ साल में सात संपदा अधिकारियों के तबादले हो चुके हैं। हर दो माह में संपदा अधिकारी बदल दिए जाते हैं। वह अपनी समस्याओं को लेकर किसके पास जाए यह समझ से परे है। प्राधिकरण ने जो कार्यकारी अभियंता नियुक्त किया है उसके पास चार जिलों का अतिरिक्त चार्ज है। इसलिए यहां उनकी सुनवाई के लिए कोई अधिकारी भी नहीं मिलता । सेक्टर 6 , 7 , 8 , 13, 17, 18, 24, 29 पार्ट टू सेक्टर 40 में गंदे पानी की निकासी, सड़क, सीवर , साफ सफाई समेत तमाम प्रकार की समस्याएं हैं। सेक्टर के लोग प्राधिकरण को विकास शुल्क भी देते हैं। बावजूद इसके यहां सुविधाओं की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा। सरकार ने आज तक सीवरेज का रोडमैप भी तैयार नहीं किया है। पिछले सात साल में प्राधिकरण ने कोई खुला दरबार नहीं लगाया। जिसमें लोगों की समस्याओं पर सुनवाई हो सके। वह अपनी समस्याओं को लेकर विधायक से लेकर उपायुक्त तक मिल चुके हैं लेकिन आज तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। अगर जल्द प्राधिकरण ने उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन खड़ा किया जाएगा। बैठक में प्रेम सिंह , ताराचंद शर्मा, मास्टर रणधीर सिंह, रामपत नैन, धर्मवीर सिंह, ओमप्रकाश, सूबे सिंह, प्रेम सिंह, रामनिवास समेत तमाम सेक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।