पानीपत। नोटबंदी के साढ़े छह साल बाद सरकार ने फिर दो हजार के नोट बंद करने का फैसला किया है। लोगों को दो हजार रुपये के नोट जमा कराने के लिए 30 सितंबर तक का समय दिया गया है। साढ़े छह साल बाद मंगलवार को लोग नोट बदलवाने के लिए बैंकों में लाइन में लगे नजर आए। हालांकि पहले दिन नोट बदलवाने के लिए लोगों में कोई मारामारी नजर नहीं आई। सरकारी बैंकों में तो लगभग 1500 उपभोक्ता ही पहुंचे। निजी बैंकों में इन उपभोक्ताओं के लिए अलग से काउंटर बनाए गए हैं। उपभोक्ताओं को डील करने के लिए एक कर्मचारी की अलग से ड्यूटी लगाई गई है। जिले में 53 बैंकों की 205 ब्रांचों में नोट बदलने की प्रक्रिया जारी है। पहले दिन जिले भर की बैंक शाखाओं में लगभग पांच करोड़ के नोट जमा कराकर बदलवाने का अनुमान है। बैंक प्रबंधकों ने अपनी रिपोर्ट लीड बैंक प्रबंधक को भेज दी है। अमर उजाला ने दो हजार के नोट बदलने को लेकर मंगलवार को बैंकों में व्यवस्थाएं देखी।
संजय चौक के पास जीटी रोड पर एसबीआई की मुख्य शाखा है। इसमें अमर उजाला की टीम साढ़े 11 बजे पहुंची। यहां कैश काउंटर पर लोगों की लाइन लगी थी, लेकिन दो हजार के नोट जमा कराने वालों की संख्या काफी कम थी। लोगों में दो हजार के नोट बदलने को लेकर चर्चा जरूर थी।
यूनियन बैंक जीटी रोड-
12 बजे :
जीटी रोड स्थित यूनियन बैंक में पौने 12 बजे अमर उजाला की टीम पहुंची। यहां बैंक की उप प्रबंधक से बात की गई। बैंक में नोट बदलवाने वालों की संख्या न के बराबर थी। बैंक में अलग से कोई कैश काउंटर नहीं था।
बैंक ऑफ बड़ौदा -
सवा 12 बजे : बैंक ऑफ बड़ौदा में पहुंची टीम ने देखा कि यहां भी नोट बदलवाने वालों की तादाद काफी कम थी। यहां लोगों को दो हजार रुपये के नोट बदलवाने के नियमों के बारे में नोटिस लगाकर जागरूक किया गया था।
जीटी रोड स्थित पीएनबी-
साढ़े 12 बजे : संजय चौक के पास जीटी रोड स्थित पीएनबी में कुछ लोग बैंक कर्मचारियों से नोट बदलवाने के नियमों के बारे में पूछते नजर आए। यहां भी व्यवस्था सामान्य ही नजर आई। नोट बदलवाने वालों की कोई अलग से लाइन नहीं थी।
जीटी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक -
1:00 बजे- जीटी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक में दो हजार रुपये के नोट बदलवाने के लिए अलग से काउंटर की व्यवस्था की गई थी। यहां एक कर्मचारी की लोगों को डील करने के लिए ड्यूटी लगाई गई थी। कर्मचारी लोगों को दो हजार के नोट बदलने के नियम समझा रहा था। यहां कुछ उपभोक्ता नोट बदलवाने के लिए पहुंचे थे।
यश बैंक-
1:30 बजे- जीटी रोड स्थित यश बैंक में भी अलग से काउंटर बनाया गया था। यहां कुछ लोग दो हजार रुपये के नोट बदलवाने की जानकारी ले रहे थे। यहां नोट बदलवाने वालों में उत्साह कम ही नजर आया।
लोग बोले- बहुत समय है, बाद में बदलवा लेंगे :
लोगों को नोटबंदी के दिनों में लाइन में लगने का दर्द आज भी याद है। लोगों में अब भी यह धारणा देखी जा रही है कि पहले दिन नोट बदलवाने के लिए भीड़ होगी। इसलिए कुछ दिन बाद ही नोट बदलवाए जाएं। शायद यही वजह है कि पहले दिन बैंकों में खास भीड़ नहीं रही।
कोई उपभोक्ता कितने भी रुपये जमा करवा सकता है। एक दिन में 20 हजार रुपये बदले जा सकते हैं। पहले दिन किसी बैंक से कोई शिकायत नहीं मिली है। बैंकों को आरबीआई के नियमों के मुताबिक काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
- तुलाराम, एलडीएम पानीपत।