पानीपत। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया प्रशासन की ओर से प्राण वायु योजना के तहत लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके अंतर्गत 75 वर्ष से अधिक आयु के वृक्षों की देखभाल के लिए संबंधित व्यक्ति को 2500 रुपये पेंशन के रूप में दिए जाएंगे। इसके लिए उसे वृक्ष की देखभाल करनी होगी और समय पर पानी, खाद, मिट्टी की जरूरत को पूरा करना होगा। ये योजना पुराने वृक्षों को बचाने के लिए है। उन्होंने कहा कि किसी के मकान में पुराने पेड़ हैं तो वे उन्हें काटने के बजाय सरकार से पेंशन लेकर इनको बचा सकता है। ये पेंशन वृद्धा पेंशन की भांति प्रतिवर्ष बढ़ाई जाएगी। यह योजना पूरे प्रदेश में लागू है। उपायुक्त ने बताया कि पात्र व्यक्ति जिले के वन विभाग कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद गठित समिति आवेदन का आंकलन करेगी। सत्यापन के बाद सभी शर्तें पूरी होने के बाद लाभार्थी व्यक्ति को वृक्षों की मिलने वाली पेंशन दी जाएगी।