अमर उजाला ब्यूरो
समालखा। पटना में हुए ऑल इंडिया पुलिस गेम में कुश्ती में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक लेकर लौटी दो महिला खिलाड़ियों का समालखा पहुंचने पर जोगी समाज और स्थानीय लोगों द्वारा स्वागत किया गया। जीटी रोड से आयोजन स्थल तक उन्हें ढोल-नगाड़ों के साथ ले जाया गया। उल्लेखनीय है कि पटना में 24 से 31 जनवरी तक हुए ऑल इंडिया पुलिस गेम में 75 किग्रा वर्ग कुश्ती में कमलेश जोगी पट्टीकल्याणा और 63 किग्रा वर्ग में संतोष शर्मा बलाना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। जोगी जागृति मंच सभा के जिला प्रधान धर्मवीर जोगी और कुलदीप ने कहा कि लड़कियां भी लड़कों से कम नहीं हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग सहित खेलों में भी वह अपनी एक अलग पहचान बना रही हैं। कई क्षेत्रों में तो वे पुरुषों से भी आगे हैं। कमलेश और संतोष दूसरों के लिए प्रेरणा हैं। इस अवसर पर प्रवीन जोगी, महेन्द्र पसीना, कुलदीप जोगी, धर्मवीर, जसवंत, फूलकंवार, धर्म सिंह, रोशन सैनी, मास्टर राजबीर सैनी, ओमप्रकाश, हरिओम, सोमबीर, भरत सिंह, पुष्पेंद्र, सुनील दत्त, सुरेंद्र, प्रवीण और जगदीश चंद्र मौजूद रहे।