पानीपत। सीबीएसई की 10वीं और 12वीं कक्षा में विभिन्न 11 विषयों के पेपर शनिवार को शांतिपूर्वक हुए। इनमें बहुत कम परीक्षार्थी शामिल हुए। केंद्र अधीक्षकों ने बोर्ड के नियमानुसार व्यवस्था बनाए रखी।
सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा को लेकर 17 केंद्र बनाए हैं। बोर्ड ने शुरुआत में इलेक्टिव विषयों की परीक्षा शुरू की है। जिले के कई केंद्रों पर शनिवार को सुबह साढ़े 10 बजे परीक्षा शुरू हुई। परीक्षार्थियों को आधा घंटे पहले 10 बजे तक केंद्र में प्रवेश कराया गया। सीबीएसई स्कूलों की जिला को-ऑर्डिनेटर डॉ. अनु गुप्ता ने बताया कि 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा तीन दिन से लगातार चल रही हैं। दो दिन बाद मुख्य विषयों की परीक्षा शुरू होंगी। फिलहाल केंद्रों पर इक्का दुक्का परीक्षार्थी आता है। बोर्ड के नियमों की पालना की जा रही है। मुख्य विषयों को लेकर सभी केंद्र अधीक्षकों को बोर्ड की हिदायत के बारे में अवगत कराया गया है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
शनिवार को 10वीं की हिंदुस्तानी म्यूजिक वोकल, हिंदुस्तानी म्यूजिक मेल-इन्स, हिंदुस्तानी म्यूजिक प्री-इन्स और एलीमेंट ऑफ बुक कीपिंग एंड अकाउंटेंसी का पेपर रहा। 12वीं कक्षा में इंजीनियरिंग ग्राफिक्स, कथक डांस, भारतनाट्याम डांस, कुच्चीपुरी डांस, कथकली डास, बागवानी और डाटा साइंस विषय का पेपर रहा।