पानीपत । कोरोना से संक्रमित गंभीर बच्चों के लिए सिविल अस्पताल में 2020 में स्थाई पीडियाट्रिक हाई डिपेंडेंसी यूनिट बनकर तैयार होनी थी। लगभग दो साल बाद भी ये प्रोजेक्ट अटका हुआ है। पीएचडीयू के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पीडब्ल्यूडी को लगभग 21 लाख रुपये ट्रांसफर भी कर दिए गए। पीडब्ल्यूडी ने डेढ़ माह पहले टेंडर निकाला लेकिन कोई कंपनी यूनिट को बनाने के लिए आगे नहीं आई। कंपनी के अभाव में सिविल अस्पताल की पीएचडीयू का काम रुका हुआ है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी सिविल अस्पताल का निरीक्षण कर चुके हैं। अब पीडब्ल्यूडी दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा। फिलहाल सिविल अस्पताल में आठ बेड की अस्थाई पीएचडीयू चल रही है।
सरकार ने बच्चों को कोरोना से ठीक करने के लिए पीएचडीयू का प्रोजेक्ट शुरू किया था। कोरोना की तीन लहरों में लगभग साढ़े चार हजार बच्चे कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। कोरोना से दो बच्चों की मौत भी हो चुकी है। 2020 दिसंबर में इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हुआ था। सवा साल तक सरकार की ओर से बजट जारी नहीं हुआ। अब डेढ़ माह पहले बजट जारी हुआ है लेकिन अब टेंडर भरने वाली कंपनी नहीं मिल रही ।
पीएचडीयू जल्द तैयार करने का प्रयास- पीएमओ
पीडब्ल्यूडी को राशि जारी हो चुकी है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी अस्पताल का निरीक्षण भी कर चुके हैं। पीडब्ल्यूडी को ही पीएचडीयू बनाना है। उनके दोबारा मीटिंग कर स्टे्टस जानेंगे। डॉ. संजीव ग्रोवर, पीएमओ सिविल अस्पताल