पानीपत। न्यू आरके पुरम में शराब पीकर हुड़दंग कर रहे पड़ोसियों का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोपियों ने युवक के घर में घुसकर उस पर रॉड और सरिये से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई पत्नी, दो बेटियां और बेटे को भी बेरहमी से पीटा। एक बेटी का तो हाथ तक तोड़ दिया। घायल ने आरोपियों के खिलाफ मॉडल टाउन थाना पुलिस को शिकायत दी है, जिस शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
न्यू आरके पुरम निवासी मनोज कुमार ने बताया कि 15 अगस्त को साढ़े 10 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर था। पड़ोसी धीरज अपनी दुकान में कुछ युवकों को शराब पिला रहा था। आरोपी नशे में होने के बाद जोर-जोर से चिल्लाने लगे। उसने इस बात का विरोध किया तो इसी रंजिश में तीन दोस्तों और अपने माता-पिता संग मिलकर आरोपी उनके घर में घुस आया। आरोपी धीरज ने सरिये से उसके सिर पर वार किया। अन्य आरोपियों ने रॉड से हमला किया। बीच बचाव करने के लिए उसकी बेटी विदिशा, पारूल, बेटा धीरज और पत्नी आई तो आरोपियों ने हमला कर उनके भी सिर फोड़ दिए। आरोपियों ने बेटी का हाथ तोड़ दिया। उन्होंने बचाव के लिए शोर मचाया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
बाक्स
छात्र पर सरिये से हमला
दी जान से मारने की धमकी, उझा गेट पर हुई वारदात, चांदनीबाग थाना पुलिस ने की रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। उझा गेट के पास एक छात्र पर उसी के दोस्त ने सरिये से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। छात्र निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। छात्र ने आरोपी के खिलाफ चांदनीबाग थाना पुलिस को शिकायत दी है, जिस शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उझा रोड स्थित साईं कॉलोनी निवासी 15 वर्षीय आदर्श ने बताया कि वह उझा स्थित सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ता है। 15 अगस्त को स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम था। वह कार्यक्रम के बाद दोपहर दो बजे घर लौट रहा था। जब वह उझा गेट पर पहुंचा तो उसके दोस्त रिषभ और संदीप उर्फ सीपू आपस में झगड़ा कर रहे थे। वह उनके पास पहुंचा ही था कि आरोपी संदीप ने सरिये से उसके पैर पर हमला कर दिया। वह नीचे गिर गया उसके बावजूद आरोपी ने उस पर हमला किया। उसने शोर मचाया तो राहगरों ने मिलकर उसे छुड़ाया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। चांदनीबाग थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाक्स
घूरने का आरोप लगा बेटे को पीटा, फिर पिता को मारा
समालखा। गांव हथवाला बस अड्डे के पास वहीं के रहने वाले एक युवक ने पिता-पुत्र को पीटा। बस अड्डे पर जलेबी लेने गए बेटे पर घूरने का आरोप लगाते हुए थप्पड़ जड़ दिया, इसके बाद खेत जा रहे पिता को लकड़ी के बिट्टे से पीटा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। हथवाला निवासी अलीहसन ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि बुधवार को बेटा शौकीन जलेबी लेने के लिए हथवाला बस अड्डे गया था। लौटने के दौरान शराब ठेके के पास हथवाला निवासी शुभम ने उसे रोक लिया और थप्पड़ मारा। उसे कहा कि बेटा उसे घूर रहा था। शुक्रवार की सुबह 6:30 बजे खेत जाते वक्त गज्जे सिंह त्यागी के खेत के सामने कच्चे रास्ते पर शुभम ने उसे रोक लिया और लकड़ी के बिट्टे से सिर, कमर, हाथा औरा टांगों पर मारा। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए वह भाग गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाक्स
रात में पीटा और सुबह घर आकर दी जान से मारने की धमकी
समालखा। गांव पावटी निवासी युवक को बृहस्पतिवार की रात कुछ युवकों ने पीटा, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शुक्रवार की सुबह कुछ युवक घायल के घर पहुंचे और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घायल युवक की मां की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव पावटी निवासी राजबाला पुलिस को दी शिकायत में कहा कि बेटा संजीव पुरानी सब्जी मंडी के पास करीब चार बजे सामान लेने गया था। सामान लेते समय दुकानदार और बेटे का झगड़ा हो गया। जिस पर युवकों ने उसे पीट और सिर पर चोट आई। बेटे को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया, जहां रात 11:30 बजे उसे होश आया। शुक्रवार की सुबह 8:30 बजे दो युवक घर आए और पूछा कि संजीव का घर है। हां कहने पर दोनों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।