हरियाणा के पानीपत के समालखा क्षेत्र के किवाना गांव में एक खेत में रखे तीन बिटौडों में संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर राख हो गए। मंगलवार की सुबह जब किसान खेत में पहुंचा तो बिटौड़ों के राख देकर सन्न रह गया। इस दौरान जले बिटौड़ों में मानव हड्डियां बरामद की गईं। ग्रामीणों ने इसकी सूचना समालखा थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य एकत्रित किए। साथ ही नूमने जुटाकर मधुबन लैब में भेजे गए हैं। समालखा थाना पुलिस ने आसपास के गांवों के सभी सरपंचों को कॉल कर उनके गांव से लापता व्यक्तियों या महिलाओं की जानकारी मांगी है। प्राथमिक जांच में शव को बिटौड़े में डालकर आग लगाए जाने की बात सामने आ रही है। समालखा थाना पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, किवाना गांव में सड़क किनारे किसान कृष्ण कुमार का खेत है। उन्होंने खेत में तीन बिटौड़े बनाए हुए हैं। कृष्ण सोमवार देर शाम को काम करके घर चला गया था। रात को किसी ने उसके तीनों बिटौड़ों में आग लगा दी। जब वह सुबह खेत में पहुंचा तो बिटौड़े राख के ढेर में तब्दील हो चुके थे।
इन राख के ढेर में किसान कृष्ण को हड्डीनुमा चीज दिखाई दी। उसने निकाला तो यह मानव की हड्डी प्रतीत हुई। उसने इस बारे में ग्रामीणों को बताया। ग्रामीणों ने समालखा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। समालखा पुलिस थाना प्रभारी फूल कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां एफएसएल की टीम को बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम की प्रभारी डॉ. नीलम आर्य ने यहां से करीबन 15 हडि्डयां बरामद की और जांच के लिए मधुबन लैब में भेजे। राख में एक रॉडनुमा वस्तु भी मिली। यह रॉड हड्डी टूटने पर ऑपरेशन के दौरान डाली जाती है।
समालखा पुलिस थाना प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए थे। बिटौड़े जलने के बाद राख में हडिडयां मिली हैं। इनको जांच के लिए भेजा गया है। आसपास के गांव से लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं पर जांच चल रही है।