गांव बड़ौली में डकैती डालने के आरोप में पकड़े गए आरोपी को मानसिक रोगी बताया था। आरोपी का पीजीआई रोहतक में बोर्ड द्वारा मेडिकल होना था। लेकिन, पुलिस आरोपी को लेकर समय पर पीजीआई नहीं पहुंची। देरी से पहुंचने पर डॉक्टरों ने मेडिकल करने से इनकार करते हुए मंगलवार को आने की बात कही है। अब पुलिस मंगलवार को पीजीआई रोहतक पहुंचकर आरोपी का बोर्ड द्वारा मेडिकल करवाने का प्रयास करेगी। शुक्रवार की रात को गांव बड़ौली में डकैती डालने पहुंचे छह हथियारबंद बदमाशों में से ग्रामीणों ने एक को पकड़ लिया था। जबकि पांच भागने में कामयाब हो गए थे। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी की जमकर धुनाई की। आरोपी ने कबूल किया था कि वे लोग डकैती डालने के लिए ट्रक में आए थे और पहले भी यहां लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान गोरखपुर निवासी भरत के रूप में दी थी। ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया था। आरोप है कि पुलिस ने उसे मानसिक रोगी बताते हुए छोड़ दिया था।