पानीपत। इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत अपने आइडियाज भेजने के लिए विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी विभाग ने आइडियाज भेजने की अंतिम तिथि एक माह के लिए बढ़ा दी हैं। अब विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी 15 अक्टूबर तक अपने आइडियाज भेज सकेंगे। अवधि बढाने से विद्यार्थियों सहित स्कूलों को राहत मिली है। जिले में आइडियाज भेजने के लिए 1250 का लक्ष्य मिला है जिनमें से 885 विद्यार्थी अपने आइडियाज भेज चुके हैं। जिले के प्रत्येक खंड को 250-250 आइडियाज भेजने का लक्ष्य मिला है। इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत आइडियाज भेजने में पानीपत जिला पहले ही येलो से ग्रीन जोन में शामिल हो चुका हैं।
योजना के तहत अपने आइडियाज भेजने के मामले में जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी रूचि दिखाने लगे हैं। जिले से रविवार शाम तक कुल लक्ष्य का 70.8 फीसदी अर्थात 885 विद्यार्थी अपने आइडियाज भेज चुके हैं जबकि जिले को 1250 आइडियाज का लक्ष्य मिला है। इसी के साथ पानीपत जिला येलो जोन से ग्रीन जोन में पहुंच चुका है। करीब 20 दिन पहले 344 आइडियाज के साथ पानीपत जिला येलो जोन में शामिल था। कम आवेदन को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर इस पर मंथन किया था और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश देते हुए अपने अधीनस्थ स्कूलों में आवेदन बढ़ाने पर जोर दिया था। शिक्षा अधिकारियों की बैठक रंग लाई और आइडियाज भेजने में गति आई है।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ संदीप कुमार ने बताा कि युवा सोच को नई उड़ान देने के मकसद से विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी विभाग इंस्पायर अवार्ड की शुरूआत की है। इसके तहत देशभर के सरकारी व निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छठी से 10वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के मौलिक विचारों और नव प्रवर्तनों के नए यूनिक आइडिया ऑनलाइन मांगे गए हैं। इस प्रतिस्पार्धा में 10 से 15 वर्ष तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं। विभाग ने जिले के हर खंड को 250 आवेदन करने का लक्ष्य दिया है। जिले के राजकीय स्कूलों ने योजना में दिलचस्पी दिखाते हुए जिले के 85 राजकीय माध्यमिक तथा 125 उच्च व वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों ने अपने आइडियाज भेजे हैं जबकि निजी स्कूल आइडियाज भेजने में कम रूचि दिखा रहे हैं। 15 अक्टूबर तक आवेदन करने हैं। इस योजना के तहत निजी और राजकीय स्कूलों से इंस्पायर अवॉर्ड मानक स्कीम के तहत बेस्ट आइडिया को चुना जाएगा।
बॉक्स
हर स्कूल से चयनित होंगे पांच आइडिया
हर स्कूल से पांच आइडिया चयनित किए जाएंगे। श्रेष्ठ 60 आइडिया का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन होगा जिन्हें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। यह योजना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग नई दिल्ली के अंतर्गत नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन की ओर से चलाई गई है। विद्यार्थियों को अपने आसपास घट रही समस्याओं के निदान पर आइडिया देना हैं।
वर्जन-
इंस्पायर योजना में लगातार जिले से आवेदन बढ़ रहे हैं। वहीं, आइडियाज भेजने की अंतिम तिथि 15 सितंबर से बढ़ाकर 15 अक्टूबर कर दी गई हैं। इस बार सभी स्कूलों का योजना में भाग लेना अनिवार्य है। जिला स्तर के बाद राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर आइडिया चयनित किया जाएगा। निर्धारित समय तक आवेदनों की संख्या बढ़ाते हुए लक्ष्य पूरा करने का प्रयास रहेगा।
- राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।