पानीपत। श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर जैन मोहल्ला द्वारा भगवान महावीर स्वामी का 2623वां जन्मोत्सव पर रथयात्रा में औद्योगिक नगरी जयघोष और भगवान महावीर के संदेशों से गूंज उठी। रथ पर विराजमान भगवान औैर धर्म चक्र आकर्षण का केंद्र रहे। हरियाणा, यूपी व दिल्ली के बैंड, शहनाई, बग्गी और सुंदर झांवी भगवान महावीर के जीवन चरित्र को दर्शाती हुई चल रही थी।
सर्वप्रथम प्रातः विमानोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग 100 वर्ष प्राचीन भगवान पारसनाथ की प्रतिमा को श्री दिगंबर जैन नेमिनाथ मंदिर मेन बाजार से पालकी में विराजमान कर जैन किड्स स्कूल, जैन मोहल्ला के प्रांगण में लाया गया, जहां पर प्रभु का अभिषेक व पूजन लोगों के द्वारा किया गया। तत्पश्चात रथयात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ। सर्वप्रथम भगवान महावीर स्वामी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर रथयात्रा का शुभारंभ किया। समाजसेवी सुरेंद्र जैन, पूर्व प्रबंधक राजेंद्र जैन, पूर्व प्रबंधक दीपक जैन रविंद्र जैन व राहुल जैन क्राउन इंटरनेशनल ने दीप प्रज्ज्वलन किया। जैन किड्स स्कूल और जिनवाणी विधा भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने भव्य प्रस्तुति दी। पानीपत धरा पर जन्मी बाल ब्रह्मचारिणी मां कौशल के सानिध्य में महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर हैं। उनके जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ पूरा विश्व मना रहा है।
उन्होंने कहा कि जैन का मतलब जीवन में सच्चाई का होना है। उन्होंने कहा कि पहले कोर्ट में जब गवाही हुआ करती थी तो अगर व्यक्ति जैन होता था उसकी गवाही को सच मान लिया जाता था। क्योंकि जैन धर्म में झूठ बोलना नहीं सिखाया। जैन धर्म के लिए गौरव की बात है की अहिंसा की बात आते ही जैन धर्म की याद आती है।
बॉक्स
रथयात्रा में इनको मिला सेवा का मौका
रथयात्रा से पहले बोली लगाई गई। इसमें पानीपत समेत अन्य शहरों के लोग भी पहुंचे। भगवान को रथ पर लेकर बैठने का सौभाग्य नरेश जैन जाटल वाले परिवार को प्राप्त हुआ। भगवान का सारथी बनने का सौभाग्य रविंद्र जैन हुडा परिवार को प्राप्त हुआ। साथ ही भगवान के रथ पर चांदी के पुष्पों की वर्षा करने का सौभाग्य राजेश जैन (अंसल) परिवार को प्राप्त हुआ। भगवान की पहली आरती करने का सौभाग्य मनीष जैन व आशी जैन परिवार को प्राप्त हुआ। अंत में भगवान को चंवर करने का सौभाग्य संदीप जैन व विकास जैन सुखदेव नगर परिवार को प्राप्त हुआ। श्री दिगंबर जैन पंचायत के प्रधान कुलदीप जैन ने सबका आभार व्यक्त किया। एडवोकेट मेहुल जैन ने बताया की सैकड़ों वर्ष प्राचीन रथयात्रा आज भी उसी रूप और उसी परंपरा के साथ निकाली जाती है। रथयात्रा जैन किड्स स्कूल से प्रारंभ होकर पचरंगा बाजार, अमर भवन चौक, धारीवाल चौक, गुड मंडी बाजार, हलवाई हट्टा, सुभाष बाजार, रोशन महल, सलारगंज गेट, इंसार बाजार, इंदिरा बाजार होते हुए श्री दिगंबर जैन मंदिर में संपन्न हुई। इस अवसर पर उप प्रधान सुरेश जैन, सचिव मनोज जैन, प्रबंधक मुकेश जैन, कोषाध्यक्ष सुशील जैन, पुनीत जैन, प्रदीप जैन, जैन स्कूल सोसाइटी के प्रधान राजेश जैन, प्रबंधक संजीव जैन, उपप्रबंधक दिनेश जैन, कोषाध्यक्ष राजेश जैन, ऑडिटर दिनेश जैन, रजनीश जैन, सुनील जैन, भूपेंद्र जैन, राजीव जैन, अतुल जैन व सुमित जैन मौजूद रहे।