How to reduce AC electricity bill
- फोटो : Pixabay
समालखा नगरपालिका में अधिकारियों की मौजूदगी में पूर्व वाइस चेयरमैन सुनील शर्मा सोमवार को चेयरमैन अशोक कुच्छल के कमरे और सचिव के कमरे में लगे हुए दो एयर कंडीशनर उतरवाकर ले गए। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि दो बार बिल देने के बावजूद नगरपालिका ने उनकी पेमेंट नहीं की। इस वजह से उन्होंने एसी उतारे हैं।
पूर्व वाइस चेयरमैन सुनील शर्मा ने आरोप लगाया कि करीब तीन साल पहले अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने दो एयरकंडीशनर नगरपालिका में लगवाए थे। जिसका करीब अस्सी हजार रुपये का बिल दुकानदार ने नगरपालिका को दिया था। इसके बाद दुकानदार करीब एक साल तक नगर पालिका के चक्कर काटता रहा लेकिन बिल का भुगतान नहीं हुआ।
सुनील शर्मा ने बताया कि उसने खुद अपनी जेब से दुकानदार को पैसे दिए और कहा कि नगरपालिका से भुगतान होने पर लौटा देना लेकिन आज तक भुगतान नहीं हुआ। वे दो बार बिल जमा करवा चुके हैं। नगरपालिका अधिकारियों को दुकानदार का बिल क्लियर करने के लिए कई बार कहता रहा लेकिन अधिकारियों ने अनसुना कर दिया।
पूर्व चेयरमैन ने बताया कि उसने वर्तमान चेयरमैन अशोक कुच्छल से भी बात की तो उन्होंने कहा कि इस बारे में जानकारी नहीं होने की बात कही। इसके बाद मजबूरी में उन्होंने सचिव व चेयरमैन के कमरे में लगे हुए दोनों एसी उतरवा लिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगरपालिका को नरकपालिका बना दिया है। विकास हो नहीं रहा, मुख्यमंत्री की घोषणाएं अधर में हैं। इसको लेकर वे सांसद संजय भाटिया से मिलेंगे। वहीं अधिकारियों की मौजूदगी में नपा की संपत्ति को उतार कर ले जाने पर कर्मचारियों और आमजन का कहना है कि इस तरह तो कोई भी नगरपालिका से सामान उठाकर ले जाएगा। चेयरमैन अशोक कुच्छल ने कहा कि ये नपा सचिव की जिम्मेदारी है। वहीं नगरपालिका सचिव ने संपर्क करने पर फोन नहीं उठाया।