फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat: छह घंटे प्रदर्शन, तीन घंटे बैठक के बाद हुआ अभिषेक का संस्कार, शहीद अभिषेक बजरंगी अमर रहे से गूंजा शहर

Thu, 03 Aug 2023 12:59 AM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, पानीपत (हरियाणा)

सार

परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया था, तनातनी का माहौल बना रहा और नेता-अधिकारी मनाने में जुटे रहे। डीसी, एसपी, सांसद, विधायक, मेयर और परिजनों के बीच तीन घंटे बैठक चली। मांग को लेकर सीएम से बातचीत हुई।  
विज्ञापन
अभिषेक का अंतिम संस्कार। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नूंह हिंसा में गोली लगने से मृत बजरंग दल लव-कुश प्रखंड बरसत रोड एरिया के संयोजक पानीपत के नूरवाला निवासी अभिषेक की हत्या के मामले में बुधवार को पूरा दिन तनातनी का माहौल बना रहा। परिजनों और विश्व हिंदू परिषद ने अपनी मांगों के चलते सुबह छह घंटे सिविल अस्पताल प्रदर्शन किया और शव लेने से इंकार कर दिया। इस दौरान हिंदू संगठनों केे लोगों ने हनुमान चालीसा भी पढ़ा।

विज्ञापन


इस दौरान सांसद, दो विधायक, डीसी, एसपी, मेयर और परिजनों के बीच तीन घंटे बैठक चली। सीएम से बातचीत के बाद परिवार की सभी मांगें मानने का आश्वासन दिया गया। परिवार ने अभिषेक को शहीद का दर्जा देने की मांग कर रहे थे। दोपहर बाद करीब एक बजे परिजनों ने शव का नूरवाला के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। इस बीच शहीद अभिषेक बजरंगी अमर रहे के नारे लगे। इसी दौरान भारी पुलिसबल तैनात रहा।

अभिषेक। फाइल फोटो। बेटे का शव देखकर विलाप करती हुई मां। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विश्व हिंदू परिषद के सदस्य बुधवार सुबह आठ बजे ही सामान्य अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने अभिषेक का शव लेने से इंकार कर दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। सांसद संजय भाटिया मौके पर पहुंचकर परिवार को सांत्वना देकर विहिप के सदस्यों से शांति बनाए रखने की अपील की।

डीसी वीरेंद्र कुमार दहिया, एसपी अजीत सिंह शेखावत, विधायक प्रमोद विज और महीपाल ढांडा के भाई हरपाल ढांडा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिवार को आश्वासन देने का प्रयास किया, लेकिन विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। परिजन जीटी रोड पर जाम लगाने के लिए भी चल पड़े थे।
सेक्टर 13-17 स्थित शिवपुरी में अभिषेक के संस्कार के दौरान पहुंचे हजारों की संख्या में लोग।
डीसी, एसपी, सांसद, दो विधायक और मेयर अवनीत ने अभिषेक के पिता सतपाल, गोरक्षक दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता आजाद सिंह आर्य के साथ एक कमरे में बैठक की। आरोप है कि दंगाइयों ने अभिषेक को गोली मारने के साथ गला भी रेत दिया था। प्रशासन व परिजनों के बीच बैठक सुबह करीब पौने 10 बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक चली। जिसमें परिवार की सभी मांगों को मानने का आश्वासन दिया गया। जिसके बाद परिजनों ने शव उठाया और दोपहर सवा दो बजे उसका संस्कार किया। अभिषेक के शव का तीसरे दिन संस्कार हो पाया।

यह थी मांगें
  • एनआईए से नूंह हिंसा की जांच कराई जाए।
  • नूंह के विधायक मामन खान की भी निष्पक्ष जांच हो और दोषी मिलने पर कार्रवाई हो।
  • अभिषेक को शहीद का दर्जा दिया जाए।
  • परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
  • मुआवजे के रूप में आर्थिक सहायता दी जाए।

मांगों को लेकर अभिषेक के परिवार की सहमति बन गई है। सरकार के साथ संगठन भी परिवार की मदद करेगा। संगठन भी किसी मदद से पीछे नहीं है। सीएम से भी उनकी फोन पर बातचीत हुई है। लोगों से भी अपील है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति पूर्वक माहौल बनाकर रखें। - संजय भाटिया, सांसद, करनाल लोकसभा।

जिले में शांतिपूर्वक माहौल है। पुलिस ने हर संवेदनशील क्षेत्र में जाकर गश्त की। शहरवासियों से अपील है कि वह शांति बनाए रखें। - वीरेंद्र सिंह दहिया, उपायुक्त, पानीपत।
विज्ञापन

पानीपत - फोटो : अमर उजाला
शहीद अभिषेक बजरंगी अमर रहे से गूंज उठा शहर
नूंह हिंसा में महिलाओं और बच्चों को बचाते समय अपनी जान गंवाने वाले अभिषेक का अंतिम संस्कार बुधवार को पानीपत के सेक्टर 13-17 शिवपुरी में किया गया। उसकी अंतिम यात्रा में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। अभिषेक अमर रहे के नारों से शहर गूंज उठा। शहर के शैक्षणिक संस्थानों, व्यापारिक संगठनों, पानीपत और समालखा बार एसोसिएशन ने भी वर्क सस्पेंड रखकर अभिषेक को श्रद्धांजलि अर्पित की। बजरंग दल के एक सदस्य ने कहा कि उपद्रवियों ने अभिषेक को गोली मारने के बाद गला रेतकर क्रूरता की।

अंतिम यात्रा में 250 से ज्यादा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि व चार हजार से ज्यादा हिंदू समाज के लोग शामिल हुए। बजरंग दल के सदस्य गौरव ने बताया कि गत 31 जुलाई को मेवात जिले में हिंदू समाज द्वारा शांतिपूर्वक धार्मिक ब्रजमंडल यात्रा का आयोजन किया जा रहा था।

इस दौरान उपद्रवियों ने धार्मिक यात्रा में शामिल लोगों पर तेजधार हथियारों, पेट्रोल बम, मोर्टार से हमला किया था। यात्रा में शामिल बसों को आग के हवाले कर दिया गया था। मेवात में सुरक्षा में तैनात पुलिस बल पर भी उपद्रवियों ने हमला किया था। उपद्रवियों ने पानीपत के अभिषेक को पहले गोली मारी, फिर उसका गला रेत कर उसके शरीर के साथ क्रूरता की गई।

जल्द करेंगे बैठक, नलहड़ से निकालेंगे विहिप यात्रा
गोरक्षक दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता आजाद सिंह आर्य ने कहा कि यह हिंसा सुनियोजित तरीके से हुई है। उन्होंने पुलिस और स्थानीय नेताओं पर हिंसा में मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने क्रूरता के साथ उनके सदस्यों को मारा और गाड़ियों को जलाया। वह सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हैं। सरकार ने कुछ कदम नहीं उठाए तो वह कदम उठाएंगे। इसे लेकर जल्द बैठक करेंगे और नलहड़ से दोबारा यात्रा निकालेंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि अबकी बार यात्रा में कोई आया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

लिखित आश्वासन नहीं मिला तो जीटी रोड जाम करने लगे
जिला प्रशासन और परिवार के बीच बंद कमरे में बैठक चल रही थी। इसी बीच अंदर से सूचना मिली कि प्रशासन ने उनकी मांगों पर आश्वासन दिया है, लेकिन लिखित नहीं दे रहे हैं। इस सूचना के बाद विहिप के सदस्य भड़क गए और वे जीटी रोड जाम करने के लिए चले। इसी बीच सामान्य अस्पताल में पुलिस ने उन्हें रोक लिया।

समुदाय विशेष के लोगों का बॉयकाट की मांग
विश्व हिंदू परिषद के लोगों ने कहा कि वह आज से फैसला करते हैं कि वह समुदाय विशेष के लोगों को किराये पर कमरा नहीं देंगे। न ही अपनी फैक्टि्रयों में उन्हें काम पर रखेंगे, जिसका सभी ने हाथ उठाकर व ताली बजाकर समर्थन किया।

घर में लाठी रखने पर पकड़ लेते हैं, उधर बच्चों के पास हथियार पर भी चुप्पी
विहिप के उपाध्यक्ष जितेंद्र शास्त्री ने कहा कि विशेष समुदाय के बच्चों के पास हथियार है, मशीन गन है, जो हिंसा में साफ दिख रही है, लेकिन वह घर में लाठी भी रख लेते हैं तो पुलिस उन्हें उपद्रवी मान लेती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से हथियार लाइसेंस बनवाने की मांग की।

टाइम लाइन 
  • सुबह 6:00 बजे- डीएसपी हेड क्वार्टर पुलिस फोर्स के साथ सामान्य अस्पताल पहुंचे।
  • सुबह 8:30 बजे- विश्व हिंदू परिषद और परिवार के लोग पहुंचने शुरू हुए।
  • सुबह 8:31 बजे- सांसद संजय भाटिया अस्पताल पहुंचे और सांत्वना दी।
  • सुबह 8:40 बजे- एसपी और डीसी सामान्य अस्पताल पहुंचे, परिवार से बातचीत का प्रयास किया।
  • सुबह 9:08 बजे- शहर विधायक प्रमोद विज पहुंचे और परिवार से बातचीत का दौर शुरू हुआ।
  • सुबह 9:29 बजे- विहिप ने अपनी मांगों को लेकर शव लेने से इंकार किया और प्रदर्शन शुरू किया।
  • सुबह 9:38 बजे- प्रशासनिक अधिकारी, नेताओं और परिवार के लोगों के बीच बैठक शुरू हुई।
  • सुबह 9:54 बजे- जीटी रोड जाम करने के लिए जा रहे थे, पुलिस ने रोका तो धरने पर बैठे।
  • सुबह 10:26 बजे- महिलाएं एकजुट होकर सामान्य अस्पताल पहुंची।
  • सुबह 11:13 बजे - बैठक से बाहर इनपुट आया कि आश्वासन दे रहे, लिखित में नहीं।
  • दोपहर 12:24 बजे- महिलाएं जीटी रोड जाम करने के लिए चलीं, लोगों के समझाने पर रुकी।
  • दोपहर 12:38 बजे- बैठक खत्म होने के बाद परिजन बाहर निकले और सहमति बनने की बात कही।
  • दोपहर 12:50 बजे- विहिप के सदस्य लिखित आश्वासन पर अड़े, शव को रोका, एंबुलेंस के आगे बैठे।
  • दोपहर 12:55 बजे- समाजसेवी व नेताओं के समझाने पर एंबुलेंस को निकलने दिया।
  • दोपहर 01:28 बजे- शव नूरवाला की मुखीजा कॉलोनी में अभिषेक के घर पहुंचा।
  • दोपहर 01:32 बजे- शव को संस्कार के लिए लेकर जाने लगे।
  • दोपहर 02:15 बजे- सेक्टर 13-17 शिवपुर में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें