इसराना में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी मृतकका रिश्तेदार ही बताया जा रहा है। युवक को छाती में गोली मारी गई है। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया । मृतक युवक को परिजन गांव स्थित सिवाह निजी अस्पताल में ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने इसराना थाना पुलिस को घटना की सूचना दे दी है अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि इसराना निवासी 32 वर्षीय जितेंद्र पुत्र ओमप्रकाश और उसके रिश्तेदार संदीप पुत्र राजेश की काफी दिनों से रंजिश चल रही थी। इस रंजिश में दोनों की कई बार कहा सुनी हो चुकी थी। आज संदीप ने जितेंद्र को मिलने के लिए इसराना बुलाया था। दोनों के बीच कहा सुनी हो गई और संदीप ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से जितेंद्र को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद संदीप मौके से फरार हो गया और जितेंद्र घायल अवस्था में वहीं पड़ा रहा। परिजन जितेंद्र को गांव के पास एक निजी अस्पताल में ले गए जहां उसकी मौत हो गई।
एफएसएल ने जुटाए नमूने
सूचना मिलते ही एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने यहां से गोली का खोल बरामद किया है । मृतक युवक के खून के सैंपल यहां से जुटाए हैं। इसराना थाना पुलिस आरोपी की तलाश में है। उसके मोबाइल को ट्रेस किया जा है । पुलिस हत्या के असल कारण जानने का प्रयास कर रही है।