पानीपत। हरियाणा के मॉडल संस्कृति स्कूलों में जल्द ही शिक्षकों की कमी दूर होने जा रही है। शिक्षा निदेशालय की ओर से पहले चरण में शुक्रवार को मॉडल संस्कृति स्कूलों के लिए प्रिंसिपल, पीजीटी और टीजीटी के नियुक्ति आदेश जारी किए गए।
ऑनलाइन तबादलों के बाद पहली बार मॉडल संस्कृति स्कूलों में इतने बड़े स्तर पर शिक्षकों और प्रिंसिपल के नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। वहीं प्रदेश में विज्ञान के 31 टीजीटी अध्यापकों का मॉडल संस्कृति स्कूलों में तबादला होगा जिनमें विज्ञान के 5 अध्यापकों का पानीपत के विभिन्न राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूूलों में तबादले के आदेश जारी किए गए हैं। इस संबंध में सहायक निदेशक नंद किशोर वर्मा ने बताया कि ऑनलाइन तबादला प्रक्रिया के दौरान इन स्कूलों में शिक्षकों के काफी पद रिक्त हो गए थे जिसके चलते विभाग की ओर से सेंटा परीक्षा के जरिए शिक्षकों की नियुक्ति का फैसला लिया गया था। फिलहाल विभाग की ओर से पहले चरण में 13 प्रिंसिपल, 706 पीजीटी और 268 टीजीटी के नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। अंतिम चरण में जल्दी ही बाकी पदों पर भी शिक्षकों की सूची जारी की जाएगी। फ़िलहाल प्रिंसिपल के अलावा अलग-अलग तकरीबन सभी विषयों के पीजीटी और टीजीटी की सूची जारी की गई है ।
उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों या प्रिंसिपल की ड्यूटी चुनाव में लगी हुई है, वो अपनी ड्यूटी पूरी करने बाद ही नए स्टेशन पर ज्वाइन कर सकेंगे। इस बारे में विभाग की ओर से जिला स्तर पर भी सभी शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
पानीपत में विज्ञान के इन टीजीटी शिक्षकों का हुआ तबादला-
उल्लेखनीय है कि जीएसएसएस काबड़ी में तैनात जयबीर दहिया का जीएमएसएसएसएस जीटी रोड पानीपत के लिए, जीएमएस खंडरा के राजेश कुमारी का जीएमएसएसएसएस जीटी रोड पानीपत, जीएसएसएस पसीनां खुर्द के यशदीप मलिक का जीएमएसएसएसएस जीटी रोड पानीपत, जीएचएस कैनाल कैंप पानीपत में तैनात प्रवीण कुमारी का जीएमएसएसएसएस राजाखेड़ी पानीपत के लिए और जीजीएसएसएस मतलौडा पानीपत में तैनात पूनम घुलियानी का जीएमएसएसएसएस जीटी रोड पानीपत के लिए तबादला किया गया है।
वर्जन-
शिक्षा निदेशालय ने पहले चरण में प्राचार्य, पीजीटी, टीजीटी अध्यापकों को नए स्टेशन पर नियुक्ति देने के आदेश जारी किए हैं। विज्ञान विषय के टीजीटी अध्यापकों की नियुक्ति के लिए चार अध्यापकों को राजकीय मॉडल संस्कृति वमावि जीटी रोड का स्टेशन दिया गया है जबकि एक अध्यापिका को राजाखेड़ी के राजकीय मॉडल संस्कृति वमावि का स्टेशन दिया गया है। अन्य विषयों के पीजीटी व टीजीटी शिक्षकों की नियुक्ति भी विभागीय आदेशानुसार दी जाएगी।
- कुलदीप दहिया, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।