पानीपत। सेक्टर 29 रोड के सामने जीटी रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हो गई। अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी शिनाख्त का प्रयास कर रही है। पुलिस ने एक राहगीर के बयानों पर अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
दिवाना गांव निवासी धर्मबीर ने बताया कि उसने जीटी रोड पर सेक्टर 29 रोड के पास चाय का खोखा कर रखा है। वह मंगलवार सुबह सवा सात बजे दूध लेने के लिए सिवाह गांव में गया था। वापस आते हुए उसे जीटी रोड पर देवगिरी फैक्ट्री के सामने एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। उसने इसकी सूचना सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जिला नागरिक अस्पताल में भिजवाया। व्यक्ति की मौत रात को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई है।