पानीपत।हरिद्वार के एक युवक ने पानीपत के एक युवक से क्रिकेट की आईपीएल टीम में चयन करवाने का लालच देकर करीब एक करोड़ रुपये की ठगी कर ली। जब आरोपी क्रिकेट टीम ने चयन नहीं करा पाया तो पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे। जिस पर आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। इसकी शिकायत पीड़ित ने एसपी पानीपत को दी। एसपी के निर्देशों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में वैभव तायल निवासी यमुना एन्क्लेव ने बताया कि वह क्रिकेट खेलने के दौरान हरिद्वार में अभिषेक पराशर और उनकी पत्नी नंदनी मित्तल से अक्टूबर 2021 में मिला। अभिषेक पराशर ने कहा कि वह अच्छा क्रिकेट खेलता है। वह उसका नेशनल आईपीएल में चयन करवा देगा लेकिन इसके लिए एक करोड़ रुपये लगेंगे। अभिषेक पराशर ने कहा कि उसकी पत्नी नंदनी मित्तल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में नौकरी करती हैं। उसकी बातों पर भरोसा कर वैभव ने अभिषेक पराशर के बैंक खातों में 70 लाख और 30 लाख नकद दे दिए। इसके बाद अभिषेक पराशर ने कहा कि वह उसका क्रिकेट में नेशनल और इंटरनेशनल समेत आईपीएल क्रिकेट टीम में चयन के दौरान की 12वीं कक्षा की पढ़ाई करवाकर सर्टिफिकेट भी दिलवा देगा। अभिषेक पराशर ने प्रार्थी की नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूल से 12 वीं कक्षा के कला संकाय (आर्ट) से मार्च 2022 में पेपर दिलवाए। इसके बाद भी आरोपी ने उसका कहीं कोई चयन नहीं कराया। इसके बाद वैभव की बहन अनीषा तायल ने आरोपी से बात की तो अभिषेक ने उसे भी आश्वासन दिए। बाद में चयन नहीं हुआ तो पैसे मांगे। इस पर आरोपी ने दो चेक दिए। 13 अगस्त को अपने बैंक खाते में चेक लगाया लेकिन चेक साइन डिफेन्स की वजह से फेल हो गया। इसके बाद आरोपी पैसे न लौटा कर जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।