पानीपत। सीआईए-थ्री पुलिस की टीम ने सनौली जलालपुर मोड़ पर एक मादक पदार्थ तस्कर को 1.520 किलोग्राम अफीम समेत गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अफीम को झारखंड से खरीदकर लाया था। उसको अफीम पानीपत में सप्लाई करनी थी। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर आठ दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान मुख्य तस्कर के बारे में पूछताछ की जा रही है।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर अंकित ने बताया कि पुलिस टीम गश्त व जांच पड़ताल के दौरान सनौली अड्डे के नजदीक मौजूद थी। टीम को इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि जगबीर निवासी नामुंडा मादक पदार्थ बेचने का धंधा करता है। जगबीर बैग लेकर सनौली जलालपुर मोड़ पर खड़ा है। बैग में भारी मात्रा में मादक पदार्थ होने की आशंका है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान जगबीर निवासी नामुंडा गांव के रूप में बताई। पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई। बरामद अफीम का वजन 1.520 किलोग्राम पाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी जसबीर ने बताया कि वो अफीम झारखंड से कम कीमत पर खरीदकर लाया था, जिसे पानीपत में बेचने की योजना थी।