समालखा। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शनों सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महाबीर उर्फ भोला निवासी जौरासी खास के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि मंगलवार देर शाम उनकी टीम को सूचना मिली कि जौरासी खास निवासी महाबीर उर्फ भोला नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शन लेकर बेचने के लिए गांव से समालखा आ रहा है। पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर काले बैग लिए एक युवक को काबू कर पूछताछ।पुलिस टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार समालखा राहुल राठी की उपस्थिति में आरोपी की तलाशी ली तो उसके बैग से 16 नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने गहनता से पूछताछ की तो आरोपी ने बताया वह नशे के इंजेक्शन लगाने का आदी है। नशे की पूर्ति करने और पैसे कमाने के लिए वह कई दिन पहले कैराना यूपी में एक युवक से 20 नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शन कम कीमत पर खरीद कर लाया था। जिनमें से दो इंजेक्शन उसने खुद को लगा लिए और दो इंजेक्शन राह चलते अज्ञात युवक को बेच दिए। पुलिस ने आरोपी महाबीर को बुधवार को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।