पानीपत। सरकारी स्कूलों में विज्ञान और तकनीक आधारित शिक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चल रहे अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को तीसरा दिन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के तहत आयोजित यह प्रशिक्षण 21 से 25 मई तक जीएमएसएसएस जीटी रोड और जीएसएसएस सिवाह में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दूसरे दिन शिक्षकों को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा 3डी प्रिंटिंग से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को आधुनिक उपकरणों और प्रयोग आधारित शिक्षण पद्धतियों से अवगत कराया गया। संदीप कुमार ने बताया कि स्टेम आधारित यह प्रशिक्षण शिक्षकों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने और विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।